-स्टेटस पर दो ननद, पति और सास को ठहराया मौत का जिम्मेदार, मुकदमा दर्ज
संवाद न्यूज एजेंसी
मुजफ्फरनगर। शादी के बाद से लगातार दहेज के लिए प्रताड़ित की जा रही विवाहिता ने स्टेटस पर अपनी पीड़ा लिखकर फांसी लगा आत्महत्या कर ली। साथ स्टेटस पर अपनी ही मौत का जिम्मेदार दो ननद, पति व सास को ठहराया है। परिजनों ने हत्या का आरोप लगाकर मुकदमा दर्ज कराया। विवाहिता की छह माह पहले ही शादी हुई थी।
रविवार सुबह नई मंडी कोतवाली पुलिस को क्षेत्र के मोहल्ला शिवपुरी में विवाहिता गोल्डी उर्फ आकांक्षा शर्मा के आत्महत्या करने की सूचना मिली। पुलिस पहुंची तो विवाहिता का शव बेड पर पड़ा था। पुलिस को विवाहिता का मोबाइल भी मिला, जिसमें स्टेटस लगाया था और उसमें विवाहिता ने अपनी मौत का जिम्मेदार पति, सास व दो नंद को ठहराया था।
पुलिस ने मृतका के मायके पक्ष के लोगों के पहुंचने पर शव को मोर्चरी भेज दिया। नई मंडी कोतवाली पुलिस ने बताया कि मृतका के पिता सुबोध शर्मा ने तहरीर देकर अपने दामाद मयंक शर्मा व उसकी मां रेखा व बेटी की दो नंद सुहानी व छवि पर दहेज की मांग पूरी न करने पर हत्या करने का आरोप लगाया। पुलिस ने चारों आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
आरोप है कि मोबाइल की दुकान पर नौकरी करने वाले मयंक शर्मा से गोल्डी की शादी तीन जनवरी 2025 को हुई थी। इसके बाद से ही विवाहिता को दहेज के लिए परेशान किया जा रहा था। जानकारी देने पर विवाहिता के पिता व अन्य परिजनों ने ससुराल पक्ष को आकर समझाया भी था, लेकिन इसके बाद भी उत्पीड़न जारी रहा। एसपी सिटी सत्य नारायण प्रजापत ने कहा कि विवाहिता ने आत्महत्या की है, कई बिंदुओं पर जांच की जा रही है। तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया है।
स्टेटस में बयां किया दर्द
विवाहिता ने आत्महत्या करने से पहले अपना दर्द अपने मोबाइल के स्टेटस में बयां किया। लिखा गया कि आरोपियों ने उसे शारीरिक व मानसिक रूप से इतना परेशान किया कि उसे आत्महत्या करने के लिए मजबूर कर दिया। पीड़िता ने इंसाफ दिलाने के लिए भी लिखा।