विवाहिता की संदिग्ध हालात में मौत
खतौली (मुजफ्फरनगर)। कस्बे के मालगोदाम रोड सैनीनगर निवासी विवाहिता की बुधवार सुबह संदिग्ध हालात में मौत हो गई। तीन दिन पूर्व ससुराल पक्ष के लोग उसे गंभीर हालत में गांव अंती स्थित मायके छोड़ गए थे, जिसकी मेरठ के हॉस्पिटल में उपचार के दौरान मौत हो गई। परिजनों ने पति व सास-ससुर के खिलाफ दहेज हत्या के आरोप में तहरीर दी है।
खतौली कोतवाली क्षेत्र के गांव अंती निवासी तेज सिंह ने तहरीर देकर बताया कि उसने बेटी सुनीता की शादी छह फरवरी 2018 को खतौली के मोहल्ला सैनीनगर में मालगोदाम रोड निवासी युवक से की थी। आरोप है कि शादी के बाद से ही पति व सास-ससुर अतिरिक्त दहेज में दो लाख रुपये व कार की मांग को लेकर सुनीता का मानसिक उत्पीड़न करते थे। कई बार उन्हें इस संबंध में समझाया भी गया, लेकिन विवाहिता का शोषण जारी रहा। 26 अगस्त को ससुराल पक्ष विवाहिता को गर्भावस्था का समय पूरा होने पर मायके छोड़ गया, जिसके बाद मायके पक्ष ने ही उसकी डिलीवरी कराई, जिसमें सुनीता ने बेटी को जन्म दिया था। बाद में ससुराल वाले उसे ले गए। इसके बाद फिर से ससुराल पक्ष के लोग दहेज की मांग करते हुए सुनीता का उत्पीड़न करने लगे। पीड़ित पिता का आरोप है कि 30 नवंबर की रात पति व सास-ससुर कार में सुनीता को गंभीर हालत में मायके लेकर पहुंचे और उसे घर के बाहर छोड़कर लौट आए। परिजन मंगलवार को विवाहिता को डॉक्टर के यहां ले गए, जिसने उसे नाजुक हालत के चलते मेरठ रेफर कर दिया। इस पर परिजनों ने सुनीता को मेरठ के एक हॉस्पिटल में भर्ती कराया, जहां बुधवार सुबह उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। पीड़ित पिता ने पति व सास-ससुर पर दहेज की मांग पूरी नहीं होने पर उसकी हत्या किए जाने का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की गुहार लगाई है। इंस्पेक्टर एचएन सिंह का कहना है कि तहरीर के आधार पर जांच शुरू कर दी गई है। जांच में जो तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे कार्रवाई की जाएगी।