मुजफ्फरनगर में बॉलीवुड अभिनेता नवाजुद्दीन सिद्दीकी के परिवार पर मारपीट के आरोप लगाने वाली परिवार की छोटी बहू और उसके वालिद ने रामलीला प्रकरण को बेबुनियाद बताया है। उन्होंने आरोप लगाया है कि नवाजुद्दीन ने लोगों का ध्यान हटाने के लिए जान-बूछकर मारीच प्रकरण खड़ा किया है।
नवाजुद्दीन के भाई की पत्नी आफरीन ने 28 सितंबर को पुलिस में शिकायत कर अभिनेता और उसके परिवार पर पीड़िता से मारपीट करने का आरोप लगाया था। मामले ने इतना तूल पकड़ा कि अभिनेता को शहर आकर प्रेसवार्ता कर सफाई देनी पड़ी। इसी बीच नवाजुद्दीन ने बुढ़ाना में चल रही रामलीला में मारीच का रोल करने की इच्छा जताई, जिसे हिंदू संगठन द्वारा विरोध करने पर निरस्त कर दिया। मामला सुर्खियां बना।
केंद्रीय जल संसाधन राज्यमंत्री डॉ संजीव बालियान भी अभिनेता से मिले और कार्यक्रम पेश करने के लिए कहा। मामले को लेकर पीड़िता छोटी बहू आफरीन और उसके वालिद मेराजुदीन ने अमर उजाला से फोन पर बातचीत में कहा कि मारीच प्रकरण अभिनेता के दिमाग की उपज है। उन्होंने उत्पीड़न के आरोपों से बचने के लिए लोगों का ध्यान हटाने के लिए मारीच का नाटक रचा। आफरीन ने कहा कि नवाजुद्दीन इतने सालों से एक्टिंग कर रहे हैं, उन्हें रामलीला में रोल करने की इच्छा अभी जगी है। जेवर ले जाने का आरोप बेबुनियाद है।