कौशल विकास राज्यमंत्री, डीएम और जिला पंचायत अध्यक्ष हुए शामिल
संवाद न्यूज एजेंसी
मोरना। गंगा घाट पर महा आरती का आयोजन किया गया। श्रद्धालुओं ने विशाल ज्योत जलाकर मां गंगा की विधिवत पूजा-अर्चना की। कौशल विकास राज्यमंत्री कपिल देव अग्रवाल, डीएम अरविंद मलप्पा बंगारी और जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. वीरपाल निर्वाल शामिल हुए।
पंचमुखी महादेव मंदिर संभल हेड़ा कमेटी के तत्वावधान में गंगा घाट पर महा आरती का आयोजन किया गया। इसके बाद भागवत पीठ श्री शुकदेव आश्रम, शुकतीर्थ पधारे डीएम अरविंद मल्लप्पा बंगारी ने वट वृक्ष की परिक्रमा कर श्री शुकदेव मंदिर में दर्शन किए। उन्होंने शिक्षा ऋषि स्वामी कल्याण देव स्मृति गैलरी का अवलोकन किया।
पीठाधीश्वर स्वामी ओमानंद जी ने डीएम और सीडीओ को शुकतीर्थ साहित्य और प्रसाद भेंट किया। साथ ही मुख्य गंगा से शुकतीर्थ तक गंगा धारा लाने के प्रोजक्ट पर वार्ता की। डीएम ने कहा कि शुकतीर्थ शांत, रमणीय और पौराणिक तीर्थ है। शुकतीर्थ के विकास से जुड़ी योजनाओं को शासन स्तर से पूरा कराया जाएगा। कथाव्यास अचल कृष्ण शास्त्री, दीपक मिश्रा, आचार्य युवराज, प्रशांत, आशीष माधव शास्त्री, आचार्य पंकज भारद्वाज, पवन जोशी, अजय भारद्वाज, अनुराग शर्मा, नीरज भारद्वाज, प्रधान राजपाल सैनी ,विनोद शर्मा चेयरमैन, नीरज रॉयल शास्त्री आदि मौजूद रहे।