मदरसे खुली किताब, कोई भी आकर पढ़ ले : बस्तवी
देवबंद (सहारनपुर)। कुलहिंद राब्ता मदारिस के प्रभारी मौलाना मुफ्ती शौकत बस्तवी ने सम्मेलन में घोषणा पत्र जारी किया, जिसमें मदरसों के देश विरोधी गतिविधियों में शामिल होने जैसे मुद्दों को सिरे से नकारा गया। कहा कि मीडिया को दीनी इदारों को लेकर सकारात्मक रवैया रखना चाहिए। मदरसे खुली किताब हैं, जिन्हें कोई भी कभी भी आकर पढ़ सकता है।
यूपी के मदरसों के सम्मेलन में उन्होंने मदरसों के उद्देश्य को बताते हुए कहा कि मदरसों की स्थापना का उद्देश्य देश में मुस्लिम विरासत की रक्षा और ब्रिटिश शासन को उखाड़ फेंकना था। सम्मेलन में जारी हुए घोषणा पत्र में कहा कि मदरसे कभी भी देश विरोधी गतिविधियों में शामिल नहीं पाए गए हैं। भारत के कोने-कोने में चल रहे मदरसे देश पर अंग्रेजों के कब्जे के बाद दारुल उलूम देवबंद की स्थापना के साथ शुरू हुए। इन मदरसों का शैक्षिक, राष्ट्रीय और सामाजिक सेवाओं का उज्ज्वल इतिहास रहा है। घोषणा पत्र में कहा कि मदरसों ने हमेशा शांति की आवाज बुलंद की। देश को अच्छे नागरिक दिए। साथ ही पूरी तरह से मुफ्त शिक्षा के माध्यम से देश की आबादी के एक बेसहारा और गरीब हिस्से को शिक्षा हासिल करने एवं अपना जीवन सुधारने का मौका दिया। मदरसों का इतिहास यह भी रहा है कि इन्होंने हमेशा आतंकवाद के खिलाफ आवाज उठाई। कहा कि इनका एक खूबसूरत पहलू यह भी है कि इनकी कोई भी गतिविधि छुपी नहीं होती। मदरसों के अंदर किसी के भी प्रवेश पर कभी कोई रोक टोक नहीं होती, जिसके कारण खुफिया विभाग और जांच एजेंसियां भी पूरी तरह मदरसों की गतिविधियों से पूरी तरह से संतुष्ट हैं।
आजादी के बाद भी मदरसों की अद्भुत भूमिका: नोमानी
देवबंद। दारुल उलूम के मोहतमिम मौलाना मुफ्ती अबुल कासिम नोमानी ने सम्मेलन में पहुंचे उलमा को मदरसों के इतिहास से रूबरू कराया और कहा कि देश की आजादी में मदरसों का अहम योगदान रहा है। इनसे ही अंग्रेजों की खिलाफ मुहिम चलाई गईं, जिसके चलते अंग्रेजों को देश छोड़कर भागने को मजबूर होना पड़ा।
उन्होंने कहा कि आजादी के बाद भी इन मदरसों ने अपनी अद्भुत भूमिका जारी रखी। इन्होंने हमेशा शांति के लिए आवाज को बुलंद किया की और देश को अच्छे और सच्चे नागरिक दिए। मदरसों में सर्वे कराने को लेकर नोमानी ने कहा कि कुछ स्थानों से यह जानकारी प्राप्त हुई है कि जांच के नाम पर मदरसा संचालकों से पैसे ऐंठे जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि कहीं भी ऐसी शिकायत है तो वहां मदरसा संचालक प्रशासन को अवगत कराएं।
मुस्लिम राष्ट्रीय मंच के आरोप निराधार
देवबंद। गैर मान्यता प्राप्त मदरसों को बंद किए जाने के सवाल पर मौलाना अरशद मदनी ने कहा कि यदि मदरसों में कुछ गलत होता है या फिर छात्रों का किसी भी प्रकार से उत्पीड़न होता है तो उनके खिलाफ आवाज उठेगी और उन्हें बंद कराया जाएगा। आरएसएस से जुड़े मुस्लिम राष्ट्रीय मंच के पदाधिकारियों की टिप्पणी पर मदनी ने कहा कि जो भी आरोप लगाए जाते हैं, वह बिल्कुल निराधार हैं।
दारुल उलूम ने अपना रुख बदला
देवबंद। जमीयत अध्यक्ष मौलाना अरशद मदनी ने कहा कि दारुल उलूम ने अब अपना रुख बदल लिया है। अब उसका मकसद मजहब की हिफाजत करना है। साथ ही छात्रों को इंजीनियर, एडवोकेट और डॉक्टर बनाकर भेजना है। उन्होंने कहा कि जिस तरह कौम को बेहतर बैरिस्टर, प्रोफेसर, इंजीनियर की जरूरत है। ठीक उसी तरह बेहतर से बेहतर मुफ्ती और आलिम-ए-दीन की जरूरत है। कहा कि हमारे मुल्क के अंदर लाखों मस्जिदें हैं। हमें हर मस्जिद के लिए इमाम की जरूरत है। मुसलमानों को हराम और हलाल जानने की जरूरत है। हलाल को अपनाने के लिए मसले की जरूरत है और हराम से बचने के लिए हिदायत की जरूरत है।
इन बिंदुओं का रखना होगा ख्याल
- जांच को आने वाली टीमों को सही जानकारियां दें, ताकि भविष्य में परेशानी न उठानी पड़े
- सर्वेक्षण दल को सही सूचना उपलब्ध कराएं, व्यवस्थाओं में कोई कमी हो तो यथाशीघ्र दूर करें
-वित्तीय प्रणाली में पारदर्शिता रखें, खातों को वार्षिक ऑडिट करवाएं और रिकॉर्ड सुरक्षित रखें
-मदरसा भूमि व संपत्ति, मदरसा चलाने वाली सोसायटी व ट्रस्ट के सभी दस्तावेजों को दुरुस्त रखें
- कानूनी आवश्यकताओं के अनुसार ही मदरसा संपत्ति का पंजीकरण करा लें, कोई त्रुटि न हो
- मदरसे में छात्रों को स्वस्थ वातावरण का ध्यान रखें, मदरसे में स्वच्छ आवास और भोजन प्रदान करें
सहारनपुर के देवबंद में मस्जिद रशीदिया में आयोजित सम्मेलन में मौजूद उलमा- फोटो : DEVBAND