प्रेमी युगल को ऑनर किलिंग का खतरा, सुरक्षा मांगी
खतौली (मुजफ्फरनगर)। प्रेमी युगल ने ऑनर किलिंग का खतरा जताते हुए एसएसपी को भेजे शिकायती पत्र के माध्यम से सुरक्षा की गुहार लगाई है। प्रेमी युगल ने घर से भागकर एक वर्ष पूर्व हाईकोर्ट में शादी भी कर ली थी। प्रेमी युगल एक ही गांव के रहने वाले हैं और अलग अलग बिरादरी से ताल्लुक रखते हैं।
क्षेत्र के एक गांव निवासी युवती ने बताया कि उसका एक युवक से प्रेम प्रसंग हो गया था। एक वर्ष पूर्व प्रेमी युगल ने घर से भागकर हाईकोर्ट में शादी कर ली थी। शादी के बाद से प्रेमी युगल अब पति पत्नी के रूप में कहीं बाहर रहते चले आ रहे हैं। प्रेमिका ने एसएसपी को भेजे शिकायती पत्र में बताया कि पांच दिसंबर को वह अपने पति के साथ अपनी ससुराल में आई हुई थी।
आरोप है कि रात में युवती का भाई अपने दो साथियों के साथ धारदार हथियार लेकर मकान पर पहुंचा। पीड़िता ने बताया कि उसके भाई ने अपने साथियों के साथ मिलकर उसके ससुर के मकान के दरवाजा पीटने लगा। भाई ने धमकी देते हुए कहा कि आज वह दोनों को जान से मारने के लिए आया हूं।
धमकी से पूरा परिवार भयभीत हो गया था। रात में पीड़िता ने पुलिस के 112 नंबर पर फोन कर दिया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस पीड़िता के ससुर व देवर गौतम को पकड़ कर ले आई थी। पुलिस ने दोनों का शांतिभंग में चालान कर दिया था। पीड़िता ने एसएसपी से अपने परिजनों से ऑनर किलिंग का खतरा बताते हुए सुरक्षा की गुहार लगाई है। पीड़िता ने ससुरालवालों की भी सुरक्षा करने की मांग की है।