खतौली। फहीमपुर खुर्द में जसौला मार्ग पर शराब ठेके पर दो बदमाशों ने लूटपाट कर सेल्समैन को गोली मारकर घायल कर दिया। बदमाश वहां लगे सीसीटीवी कैमरे की डीवीआर और कैमरे भी ले गए। पुलिस ने घायल को सीएचसी में भर्ती कराया, जहां से उसे जिला चिकित्सालय में रेफर कर दिया गया। पुलिस ने शराब ठेका केयरटेकर की तहरीर पर मुकदमा दर्ज किया है।
गांव फहीमपुर खुर्द में देशी शराब ठेके पर दौराला थान क्षेत्र के गांव नंगली साधारण निवासी अंकित सेल्समैन है। बुधवार देर रात वह ठेका बंद कर रहा था। इसी दौरान दो युवक शराब मांगने लगे। उसने ठेका बंद होने की बात कहते हुए उसने शटर गिराना चाहा तो एक युवक ने फायर कर दिया। गोली अंकित के गुप्तांग पर लगी, जिससे वह लहुलुहान हो गया।
बदमाश ठेके पर शराब की बिक्री के रुपये, वहां लगे सीसीटीवी कैमरे की डीवीआर और कैमरे भी उखाड़कर ले गए। गोली की आवाज सुनकर ग्रामीण मौके पर पहुंचे लेकिन तब तक बदमाश फरार हो चुके थे। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल सेल्समैन को सीएचसी में भर्ती कराया। प्राथमिक उपचार के बाद उसे जिला चिकित्सालय के लिए रेफर कर दिया गया। ठेके के केयरटेकर मोहल्ला दयालपुरम निवासी विपिन कुमार ने गांव पीपहलेड़ा निवासी अनुज और एक अज्ञात के खिलाफ थाने में मुकदमा दर्ज कराया है। सीओ रामआशीष यादव ने बताया कि घटना की जांच पड़ताल की जा रही है।