- शहर कोतवाली पुलिस ने पंजाब मार्का 65 पेटी शराब की बरामद
संवाद न्यूज एजेंसी
मुजफ्फरनगर। शहर कोतवाली पुलिस ने चेकिंग के दौरान हरियाणा से तस्करी कर लाई जा रही चार लाख ग्यारह हजार कीमत की पंजाब मार्का 65 पेटी अंग्रेजी शराब बरामद की है। आइ-20 कार सवार हरियाणा निवासी दो शराब तस्करों को गिरफ्तार किया है। इस शराब को लोकसभा चुनाव के माहौल में बेचा जाना था।
एसपी सिटी सत्य नारायण प्रजापत ने पुलिस लाइन में प्रेसवार्ता में जानकारी दी कि शहर कोतवाली पुलिस टीम ने सोमवार को बुढ़ाना मार्ग पर चेकिंग के दौरान गांव मीरापुर बम्बा पुलिया मेन रोड से आरोपियों को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपी सोनीपत के थाना कुंडली के गांव नांगल कलान निवासी विनय व गांव प्रीतमपुरा निवासी अभय को आई 20 कार में शराब सहित पकड़ा गया। बाद में उनकी निशानदेही पर भी शराब की पेटियां बरामद की गई। यह शराब सोनीपत से लाकर मुजफ्फरनगर व बिजनौर में बेची जानी थी।
एसपी सिटी ने बताया कि पूछताछ में शराब तस्कर विनय ने जानकारी दी कि लोकसभा चुनाव में शराब की मांग बढ़ जाती है। जिस कारण वह अपने साथियों के साथ मिलकर विभिन्न स्थानों पर अवैध शराब की तस्करी करते हैं। वह पंजाब के शंभू बाॅर्डर व हरियाणा के सिंधू बाॅर्डर पर स्थित ठेकों से शराब कम दामों पर खरीद कर गैर प्रान्तों में विभिन्न स्थानों पर दोगुनी कीमत पर शराब बेचते हैं। आरोपियों से शराब की पेटियों के अलावा आई-20 कार, दो मोबाइल फोन भी बरामद किए हैं। मुकदमा दर्ज कर आरोपियों का चालान कर दिया गया।