जानसठ के गांव मंतौड़ी के जंगल में तेंदुआ पकड़ने को ईख के खेत के चारों ओर वन विभाग की टीम ने लगाया
मंतौड़ी के जंगल में तेंदुआ की खबर से दहशत फैली
संवाद न्यूज एजेंसी
जानसठ (मुजफ्फरनगर)। क्षेत्र के गांव मंतौड़ी के जंगल में सोमवार सुबह तेंदुआ नजर आया। चारा काट रहे किसान ने भागकर किसी तरह से जान बचाई। जिस ईख के खेत में तेंदुआ घुसा था, ग्रामीणों ने उसे चारों तरफ से घेर लिया। वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और खेत के चारों तरफ जाल लगा दिया। वन विभाग की टीम, पुलिस और ग्रामीण तेंदुए को पकड़ने की कोशिश में जुटे हैं।
पूर्व प्रधान राजेंद्र सिंह ने बताया कि सोमवार सुबह किसान टेकचंद अपने खेत में चारा काटने के लिए गया। चारा काटते हुए उसने ईख के खेत से तेंदुए को निकलते हुए देख लिया। किसान ने लाठी से तेंदुए को किसी तरह भगाया और खुद गांव में पहुंचकर शोर मचा दिया। ग्रामीण लाठी-डंडे लेकर मौके पर पहुंचे। वन विभाग की टीम जाल लेकर मंतौड़ी के जंगल में पहुंची। पुलिस भी मौके पर पहुंच गई थी। वन विभाग की टीम ने पुलिस व ग्रामीणों के सहयोग से ईख के चारों ओर जाल लगा दिया। वन विभाग की टीम, पुलिस और ग्रामीणों ने तेंदुआ पकड़ने के लिए काफी प्रयास किया, लेकिन देर शाम तक तेंदुआ कहीं नजर नहीं आया है। उधर, वन क्षेत्राधिकारी रविकांत चौधरी का कहना है कि मंतौड़ी के जंगल में ग्रामीणों ने तेंदुआ होने की सूचना दी थी। उन्होंने वन विभाग की टीम को जंगल में भेज कर ईख के चारों तरफ जाल लगवा दिया है।