चरथावल। बिरालसी-रोनी हरजीपुर मार्ग पर भाकियू नेता विकास शर्मा ने सड़क पार करते हुए गुलदार की वीडियो बनाने का दावा किया है। हालांकि सर्च अभियान में वन विभाग और ग्रामीणों को गुलदार नहीं मिल पा रहा है। इसके बावजूद अचानक ग्रामीणों के सामने गुलदार आने की बात ग्रामीण कर रहे हैं।
किसान नेता विकास ने बताया कि वह रविवार रात 11 बजे कार से गांव रोनी हरजीपुर लौट रहे थे। बिरालसी से निकलने के बाद उनकी कार से 30 मीटर दूर सड़क पार करते हुए गुलदार दिखा। उन्होंने वीडियो बना ली। गुलदार कार की लाइट देखकर खेतों में घुस गया।
तीन दिन से जंगलों में गुलदार और उसके शावकों के होने का मामला तूल पकड़ रहा है। वन विभाग के कर्मी तलाश करने का प्रयास कर रहे हैं। कई गांव के लोगों में दहशत में है। आशंका है किसी ग्रामीण पर हमला न हो जाए। हालांकि वन विभाग ने बकरी बांधकर दूसरा पिंजरा लगाया है, लेकिन तीन दिन से वह खाली है। ग्रामीण दो दिन से ने लाठी डंडों से लैस होकर जंगल में सर्च अभियान चला रहे हैं, लेकिन सफलता नहीं मिल पा रही है। संवाद