पाक से कॉल कर विधायक को हत्या की धमकी दी
मुजफ्फरनगर। बुढ़ाना के भाजपा विधायक उमेश मलिक को शनिवार देर रात पाकिस्तान से किसी व्यक्ति ने व्हाट्सएप पर कॉल कर जान से मारने और तबाह करने की धमकी दी। लगातार तीन बार कॉल आने के बाद विधायक ने इस संबंध में सिविल लाइंस थाने में तहरीर दी। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर इस मामले की छानबीन प्रारंभ कर दी है।
बुढ़ाना के भाजपा विधायक उमेश मलिक शनिवार को शहर के जाट कॉलोनी स्थित आवास पर रुके थे। विधायक ने बताया कि रात 10.40 बजे उनके मोबाइल पर +923156267120 नंबर से व्हाट्सएप कॉल आई। कॉल रिसीव करने पर कॉलर ने विधायक के साथ गाली-गलौज करते हुए उन्हें जान से मारने और तबाह करने की धमकी दी। इस पर विधायक ने कॉल काटने के बाद मोबाइल अपने पीए रूपेश कुमार को दे दिए। विधायक ने बताया कि इसके बाद फिर से रात 10.42 बजे और 10.45 बजे दो कॉल आईं, जिन्हें पीए रूपेश कुमार ने रिसीव किया और उन्हें भी कॉलर ने गाली-गलौज करते हुए विधायक को जान से मारने की धमकियां दीं। इस पर विधायक ने मोबाइल पर आए नंबर का स्क्रीन शॉट ले लिया, जिसके बाद रात में ही सिविल लाइंस थाना पुलिस को घटना की तहरीर दी गई।
इन्होंने कहा ........
एसएसपी अभिषेक यादव ने बताया कि विधायक उमेश मलिक के मोबाइल पर तीन बार किसी ने कॉल कर धमकी दी है, जिसकी तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। मामले की जांच सर्विलांस सेल को दी गई है और बहुत जल्द घटना का खुलासा कर दिया जाएगा।