मुजफ्फरनगर। नगर पालिका ने घरों से निकलने वाले कूड़े के निस्तारण का इंतजाम कर लिया है। लिगेसी वेस्ट यानी पुराने कूड़े सहित तीन साल के दौरान शहर के घरों से निकलने वाले 3.78 लाख मीट्रिक टन कूड़े के निस्तारण का ठेका पंचकूला की एक कंपनी को सौंपा गया है। पालिका किदवई नगर में दो ट्रॉमल मशीन स्थापित करेगी। तीन साल के दौरान कूड़ा निस्तारण पर 26 करोड़ रुपये से अधिक का खर्च आएगा।
एटूजेड प्लांट के बंद होने के बाद से शहर में प्रतिदिन निकलने वाले कूड़े के प्रबंधन की समस्या गंभीर हो चुकी है। शहर घरों से प्रतिदिन 80 से 100 मीट्रिक टन कूड़ा निकलता है। इसे किदवई नगर में बनाए गए डंपिंग ग्राउंड में डाल दिया जाता है। कूड़े के लिए किदवई नगर में ही कई लैंडफिल साइट बनाई गई हैं लेकिन नियमित निस्तारण न होने के कारण वहां कूड़े के ऊंचे अंबार (लिगेसी वेस्ट) लग चुके हैं।
कूड़ा निस्तारण पर आएगा 750 रुपये प्रति मीट्रिक टन का खर्च
किदवई नगर स्थित कूड़ा निस्तारण प्लांट पर नगर पालिका की ओर से दो ट्रॉमल मशीन स्थापित कराई जा रही हैं, जहां कूड़े का निस्तारण 750 रुपये प्रति मीट्रिक टन की दर से कराया जाएगा। कंपनी की ओर से 350 मीट्रिक टन कूड़े का निस्तारण प्रतिदिन किया जाएगा। अगले तीन वर्ष के दौरान 3.78 लाख मीट्रिक टन कूड़े के निस्तारण के लिए 28.35 करोड़ रुपये का बजट प्रस्ताव तैयार किया गया है। चेयरपर्सन मीनाक्षी स्वरूप के निर्देश पर खोली गई वित्तीय बिड के आधार पर सतनाम लाइफ पंचकूला नाम की कंपनी को टेंडर दिए जाने का निर्णय लिया गया है। कंपनी की ओर से टेंडर के लिए 26.93 करोड़ रुपये की बोली लगाई गई थी।
वर्जन
नगर पालिका की ओर से कूड़ा निस्तारण के लिए विभिन्न कंपनियों से टेंडर आमंत्रित किए गए थे। इसमें सर्वाधिक निम्न दर की बोली लगाने वाली कंपनी के नाम टेंडर छोड़ने का निर्णय लिया गया है। तीन वर्ष तक कंपनी कूड़े का निस्तारण करेगी।
-पवन कुमार, अधिशासी अधिकारी पालिका