कुशपुरी के नामांकन करने पर भाजपा से होगी छुट्टी: विमल शर्मा
मुजफ्फरनगर। भाजपा के एमएलसी स्नातक चुनाव के प्रभारी विमल शर्मा ने कहा कि यदि उद्यमी कुशपुरी चुनाव लड़ते हैं, तो नामांकन करते ही उन्हें पार्टी से निष्कासित कर दिया जाएगा। भाजपा प्रत्याशी दिनेश गोयल ने संगठन के बूते पर अपनी जीत निश्चित बताई।
सोमवार को भाजपा के गांधीनगर स्थित कार्यालय पर भाजपा के स्नातक चुनाव प्रत्याशी दिनेश गोयल ने पत्रकार वार्ता की। चुनाव प्रभारी विमल शर्मा ने कहा कि भाजपा इस चुनाव को तैयारी के साथ लड़ रही है। कुल वोटों के साठ प्रतिशत वोट हमने बनवाए हैं। पहली बार इस चुनाव में राजनीतिज्ञ दल ताकत के साथ उतरे हैं। इस चुनाव में भाजपा अच्छा रिजल्ट देगी। पत्रकारों के पूछे गए सवाल के जवाब में विमल शर्मा ने कहा कि उद्यमी कुशपुरी के नामांकन दाखिल करते ही उनके विरुद्ध निष्कासन की कार्रवाई होगी। संगठन का मामला होने के कारण प्रदेश सरकार के दोनों मंत्री कपिलदेव अग्रवाल और विजय कश्यप इस पर चुप्पी साधे रहे। भाजपा प्रत्याशी दिनेश गोयल ने कहा कि पार्टी ने जो जिम्मेदारी उन्हें दी है, उस पर वह खरा उतरने का प्रयास करेंगे। भाजपा अपने संगठन के बूते इस चुनाव को जीत जाएगी। पत्रकार वार्ता में विधायक उमेश मलिक, जिलाध्यक्ष विजय शुक्ला, पूर्व जिलाध्यक्ष सुधीर सैनी, यशपाल पंवार, आयुष बोर्ड के पूर्व चेयरमैन डॉ सुभाष शर्मा, जगदीश पांचाल, सरदार सुखदर्शन बेदी, चुनाव के जिला प्रभारी विजय सैनी, संयोजक श्रीमोहन तायल, सह संयोजक सुधीर खटीक, पूर्व विधायक अशोक कंसल, रोहिल वाल्मीकि, सचिन अग्रवाल, अचिंत मित्तल, वैभव त्यागी, रोहताश पाल आदि मौजूद रहे।
आज नामांकन करेंगे कुशपुरी
मुजफ्फरनगर। भाजपा के बागी उम्मीदवार कुशपुरी का कहना है कि वह आज नामांकन करेंगे। इस चुनाव को लेकर वह एक साल से तैयारी कर रहे हैं। समर्थकों का चुनाव लड़ने का दबाव है। ऐसी हालत में मैदान नहीं छोड़ा जा सकता। कुशपुरी का कहना है कि इस चुनाव में पार्टी के सिंबल का प्रयोग नहीं होता। अब से पहले यह चुनाव कभी दलगत नहीं रहा। चुनाव लड़ने का निर्णय अटल है। पार्टी जो निर्णय चाहे ले सकती है।