मां-बेटे पर कातिलाना हमला, रिपोर्ट दर्ज
मुजफ्फरनगर। मोहल्ला मक्कीनगर में घर के बाहर पड़ी रोडी हटाने को लेकर हुई कहासुनी के बाद मां-बेटे पर घर में घुसकर हमला कर दिया गया। इनमें बेटे को गंभीर हालत में जिला अस्पताल से मेरठ रेफर कर दिया गया है। मामले में चार लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है।
शहर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला मक्कीनगर निवासी खुशनूदा पत्नी यासीन ने तहरीर देकर बताया कि पड़ोसी दानिश उर्फ गुड्डू पुत्र जाबिर ने उनके घर के सामने रोड़ी डाली हुई थी, जिससे उन्हें घर से बाहर आने-जाने में दिक्कत हो रही थी। पीड़िता के अनुसार जब शनिवार सुबह दानिश पक्ष को घर के आगे से रोड़ी हटाने के लिए कहा गया, तो वे विवाद करने लगे। इसकी तहरीर दी गई, लेकिन कुछ लोगों ने फैसला करा दिया। आरोप है कि रविवार सुबह करीब दस बजे आरोपी धारदार हथियार व तमंचे-पिस्टल लेकर घर में घुस गए और घर में मौजूद आफताब से मारपीट करने लगे। महिला के अनुसार दानिश उर्फ गुड्डू ने पिस्टल की बट आफताब के सिर में मारी, जबकि सलीम व जहीर उर्फ काले ने छुरी व सरिये से और गुलशेर ने लाठी से आफताब पर ताबड़तोड़ प्रहार करने शुरू कर दिए, जिससे वह लहूलुहान होकर वहीं गिर पड़ा। बेटे को बचाने पहुंची उसकी मां खुशनूदा पर भी आरोपियों ने हमला कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल मां-बेटे को तत्काल जिला अस्पताल ले जाकर भर्ती कराया, जहां से आफताब को नाजुक हालत में मेरठ रेफर कर दिया गया। पीड़िता की तहरीर पर पुलिस ने चारों आरोपियों के खिलाफ संगीन धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।