मुजफ्फरनगर जनपद में पुलिस लाइन स्थित सरकारी क्वार्टर से महिला आरक्षी की नाबालिग बहन का अपहरण कर लिया गया। महिला आरक्षी ने गाजियाबाद के मसूरी निवासी कुछ लोगों के खिलाफ नामजद तहरीर दी है। सिविल लाइन पुलिस ने किशोरी के अपहरण की रिपोर्ट दर्ज कर उसकी बरामदगी के प्रयास शुरू कर दिए हैं।
जनपद गाजियाबाद निवासी शमा चौधरी यूपी पुलिस में आरक्षी है, जो कि यहां महिला थाने में तैनात है। महिला आरक्षी पुलिस लाइन स्थित सरकारी क्वार्टर में रहती है। शमा चौधरी ने सिविल लाइंस थाने में तहरीर देकर बताया कि उसकी 17 साल की नाबालिग बहन कुछ दिन पूर्व गाजियाबाद से उसके पास रहने के लिए आई थी। करीब एक पखवाड़े पूर्व उसकी बहन संदिग्ध हालात में लापता हो गई थी, जिसकी थाने में गुमशुदगी दर्ज करा दी गई थी।
यह भी पढ़ें: अपहरण के बाद महिला सिपाही के भाई की हत्या, लावारिस हालत में पड़ी मिली लाश, दरोगा सस्पेंड
महिला आरक्षी का कहना है कि बहन की तलाश के दौरान अब उन्हें पता चला है कि जनपद गाजियाबाद के ही मसूरी कस्बा निवासी आजम व फिरोज पुत्र मलुवा, मलुवा व ताजू पुत्र कलुवा और कलुवा पुत्र मुनीर परिवार के अन्य लोगों के साथ साजिश कर उसकी नाबालिग बहन को अगवा कर ले गए हैं। पीड़िता आरक्षी ने पुलिस से पूर्व में दर्ज गुमशुदगी को अपहरण में तरमीम किए जाने की मांग की। महिला आरक्षी की तहरीर पर पुलिस ने उपरोक्त सभी आरोपियों के खिलाफ अपहरण की रिपोर्ट दर्ज कर किशोरी की तलाश के प्रयास शुरू कर दिए हैं।
एसओ सिविल लाइन समयपाल सिंह अत्री ने बताया कि महिला आरक्षी की तहरीर पर उसकी नाबालिग बहन का अपहरण करने की नामजद रिपोर्ट दर्ज की गई है। आरोपियों की तलाश के लिए पुलिस की दो टीमों का गठन किया गया है।
नोट- इन खबरों के बारे आपकी क्या राय हैं। हमें फेसबुक पर कमेंट बॉक्स में लिखकर बताएं।
शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें
https://www.facebook.com/AuNewsMeerut/