नगर के बीएसए कार्यालय पर खुब्बापुर प्रकरण के छात्र के प्रवेश के संबध में वार्ता करते लखनऊ से
मुजफ्फरनगर जनपद के खुब्बापुर थप्पड़ कांड में सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद पीड़ित छात्र का शहर के शारदेन स्कूल में कक्षा दो में प्रवेश हो गया है। छात्र का प्रवेश कराने के लिए लखनऊ तक के अफसरों को पहुंचना पड़ा। सोमवार से छात्र शारदेन स्कूल में पढ़ने के लिए पहुंचेगा।
शहर के शारदेन स्कूल में करीब एक सप्ताह से चल रही प्रवेश प्रक्रिया शनिवार को पूरी हो गई। शुक्रवार को बीएसए शुभम शुक्ला ने स्कूल पहुंचकर नाराजगी जताई थी। इसके बाद लखनऊ से पहुंचे डिप्टी डायरेक्टर राजेंद्र सिंह और परियोजना विशेषज्ञ गुरुविंदर सिंह के हस्तक्षेप के बाद प्रवेश कराया गया।
इसके बाद दोनों अधिकारियों ने बीएसए शुभम शुक्ला को छात्र की यूनिफाॅर्म और किताबें दिलाए जाने के निर्देश दिए। खंड शिक्षा अधिकारी शाहपुर संजय भारती ने छात्र और उसके पिता इरशाद को अपने साथ ले जाकर बाजार से यूनिफार्म और किताबें दिलवाईं।
बीएसए शुभम शुक्ला का कहना है कि सोमवार से छात्र शारदेन स्कूल में जाकर पढ़ाई करेगा। स्कूल से गांव की दूरी करीब 25 किलोमीटर है। परिवहन के खर्च पर अभी असमंजस बना हुआ है। फिलहाल परिजन ही बालक को स्कूल तक छोड़ेंगे।