ककरौली। गांव बेहड़ा सादात में ग्राम पंचायत की भूमि पर लगने वाली पैंठ में दुकानदारों के बीच मारपीट हो गई। दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए। जिससे पैठ में अफरातफरी मच गई। मारपीट में एक दुकानदार घायल हो गया। माहौल गरमाने की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले को शांत कराया। घायल को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने दोनों पक्षों से दो लोगों को हिरासत में ले लिया।
बृहस्पतिवार को ककरौली के गांव बेहड़ा सादात में साप्ताहिक पैठ लगती है। बृहस्पतिवार शाम पैठ में ग्राहकों की संख्या कम होने पर दुकानदार जीशान निवासी ककरौली अपनी कार सामान लादने के लिए ले जा रहा था। कार को पैठ के अंदर ले जाने का दूसरे दुकानदार शहजाद निवासी गांव बेहड़ा सादात ने इसका विरोध किया। जिसको लेकर दोनों दुकानदारों में मारपीट हो गई। मारपीट में दुकानदार शहजाद घायल हो गया। जिस पर दोनों पक्ष के लोग आमने सामने आ गए। संघर्ष की स्थिति देख पैठ में अफरातफरी मच गई। मामला बढ़ता देख लोगों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंचकर लोगों को शांत किया। पुलिस ने दोनों पक्षों के दो लोगों को हिरासत में ले लिया। जबकि घायल को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया। इस मामले में समझौता कराने को लेकर दोनों पक्षों के जिम्मेदार लोग थाने में पहुंच गए।