अधिकारियों की बैठक लेते व्यय प्रेक्षक।
- फोटो : अमर उजाला
व्यय लेखा प्रेक्षक अविजित रक्षित ने निगरानी कमेटी, फ्लाईंग स्क्वाड और लेखा टीम के सदस्यों की बैठक में निर्देश दिए कि प्रत्याशियों की प्रत्येक गतिविधियों पर पैनी नजर रखें। काफिले में शामिल सभी वाहनों की वीडियोग्राफी करें।
व्यय लेखा प्रेक्षक जिला पंचायत सभाकक्ष में चुनावी गतिविधियों पर नजर रखने के लिए गठित की गई समितियों की बैठक ले रहे थे। उन्होंने निर्देश दिए कि वीडियोग्राफी से कोई भी जनसभा छूटनी नहीं चाहिए और वीडियोग्राफी इस प्रकार की जाए कि पंडाल, कुर्सी वहां पर खडे़ वाहनों की नंबर प्लेट तक वीडियो में कैद हो जाए। उन्होंने कहा कि जनसभाओं के दौरान भोजन आदि की जानकारी भी वीडियो में आनी चाहिए।
प्रेक्षक ने कहा कि इस बार विधानसभा निर्वाचन के लिए प्रत्याशियों के व्यय की सीमा 28 लाख रुपये निर्धारित की गई है। व्यय प्रेक्षक ने टीम के सदस्यों को निर्देश दिए कि प्रत्येक होर्डिंग, रैली, वाल पेंटिंग की भी वीडियोग्राफी की जाए। फ्लाईंग स्क्वायड चुस्त होकर दूसरे राज्यों से आ रही शराब की पेटियों को पकड़ने के लिए भी अलग से रणनीति बनाएं। उन्होंने हरियाणा सीमा पर लगाई गई स्टैटिक टीम को मुस्तैद रहकर चेकिंग करने के निर्देश भी दिए।
उन्होंने कहा कि अब नामांकन प्रक्रिया शुरू हो चुकी है, उड़नदस्तों की जिम्मेदारी और अधिक बढ़ जाती है। प्रत्येक दिन की वीडियोग्राफी की सीडी एआरओ को उपलब्ध कराएं। सभी एआरओ प्रत्येक दिन वीडियो क्लीपिंग देखकर प्रेक्षक को अपनी रिपोर्ट दें। उन्होंने कहा कि बिना स्वीकृति के कोई भी प्रत्याशी वाहन न चलाए, इस पर भी विशेष ध्यान दिया जाए। वरिष्ठ कोषाधिकारी को निर्देश दिए कि अपनी टीम से व्यय लेखा रजिस्टर पूर्ण कराएं। बैठक में वरिष्ठ कोषाधिकारी पवन कुमार, वरिष्ठ वित्त लेखाधिकारी बेसिक सहित सभी टीमों के सदस्य उपस्थित रहे।