मुजफ्फरनगर। मुजफ्फरनगर दंगे के कवाल कांड में शाहनवाज की हत्या के वादी सलीम की गवाही पूरी नहीं हो पाई। वादी पक्ष की ओर से अदालत में बीमारी का हवाला देते हुए मेडिकल प्रमाण पत्र दाखिल करते हुए कहा गया कि गवाही पूरी करने की स्थिति में नहीं है। ऐसे में दूसरे गवाह को बुलाया जाए। अपर जिला एवं सत्र न्यायालय संख्या सात में सुनवाई के लिए 11 जुलाई तय की गई।
जानसठ क्षेत्र के गांव कवाल में 27 अगस्त 2013 को कवाल निवासी शाहनवाज का मलिकपुरा निवासी सचिन और गौरव के साथ झगड़ा हुआ था। अपने गांव की तरफ जा रहे सचिन और गौरव की हत्या कर दी गई। बाद में शाहनवाज की मौत भी हो गई थी।
वादी सलीम ने अपने बेटे शाहनवाज की हत्या का मुकदमा दूसरे पक्ष के सात लोगों के खिलाफ दर्ज कराया था। अदालत में वादी की गवाही चल रही है। लंबे समय से सलीम बीमार होने के कारण अदालत नहीं पहुंच पा रहा है।
शुक्रवार को वादी के अधिवक्ता राजीव गोयल की ओर से अदालत में प्रार्थना पत्र दिया गया कि बीमारी के कारण वादी अदालत में गवाही देने की स्थिति में नही है। उसकी गवाही रोककर दूसरे गवाह को बुलाया जाए।
मेडिकल भी दाखिल किए गए हैं। अदालत ने अगली सुनवाई के लिए 11 जुलाई नियत की है।
-
इनसेट
इन्हें बनाया गया था आरोपी
वादी का कहना था कि दोपहर के समय हुए झगड़े के बाद गौरव अपने साथ प्रहलाद, बिशन, तेंदू, देवेंद्र, योगेंद्र, जितेंद्र व सचिन को लेकर पहुंचा और घर पर हमला कर दिया। इस हमले में शाहनवाज उर्फ कलवा की मौत हो गई थी।
-