पुरकाजी (मुजफ्फरनगर)। दिल्ली निवासी सन्नी की मौत के बाद उसकी अस्थियां हरिद्वार विसर्जन करने जा रहे परिजनों की टैंपो ट्रेवल्स गाड़ी अलसुबह लगभग पांच बजे पुरकाजी में जहीरपुर कट के पास सड़क किनारे खड़े ट्रक से टकरा गई। दिल्ली-देहरादून हाईवे पर हुए इस हादसे में चालक सहित 15 लोग घायल हो गए। जिनमें से एक बच्चे रमन (4) व जय प्रकाश (40) की मौत हो गई। बालक रमन मृतक का भतीजा था। बाद में अस्थियां लेकर परिजन हरिद्वार के लिए रवाना हो गए।
शाहबाद दिल्ली निवासी संजय कुमार पुत्र धर्मपाल के बड़े भाई सन्नी की मौत हो गई थी। संजय अपनी पत्नी रजनी, पुत्री देवांशी (6), पुत्र रमन (4) सहित अपने 14 परिजनों व सगे संबंधियों के साथ टैंपो ट्रैवल्स में सन्नी की अस्थियां विसर्जन करने हरिद्वार जा रहा था।लगभग पांच बजे उनका टैंपो ट्रैवल्स एक ट्रक से टकरा गया। इस हादसे में संजय, रितिक, रानी, रचना, मीना, रोहताश, विजय, मोनिका, संगारी देवी, विजय व पुजारी जय प्रकाश और चालक कुंवर करणबीर सिंह घायल हो गए।सूचना पर पहुंची पुलिस ने सभी को पुरकाजी सीएचसी पहुंचाया। वहां से उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया। वहां डाक्टरों ने राजस्थान के मूल निवासी व शाहबाद दिल्ली निवासी पुजारी जयप्रकाश को मृत घोषित कर दिया। बालक रमन को बेगराजपुर अस्पताल रेफर कर दिया। वहां उपचार के दौरान उसकी भी मौत हो गई। अन्य घायलों को उनके परिजन मेरठ ले गए। हादसे की जानकारी पाकर संजय के पिता धर्मपाल, विकास आदि परिजन मेरठ पहुंचे और वहां घायलों से मिलने के बाद अस्थियां लेकर हरिद्वार रवाना हो गए। पुलिस ने ट्रक व चालक को हिरासत में लिया है। सीओ सदर राजू साव ने बताया कि दोनों शव मोर्चरी भेजे हैं। अभी तहरीर नहीं आई है।