- केंद्रीय राज्यमंत्री डॉ. संजीव बालियान और राज्यमंत्री कुंवर ब्रिजेश सिंह ने शिलान्यास
संवाद न्यूज एजेंसी
खतौली (मुजफ्फरनगर)। केंद्रीय राज्यमंत्री डॉ संजीव बालियान और लोक निर्माण विभाग के राज्यमंत्री कुंवर ब्रिजेश सिंह ने 13.50 किमी लंबे कढ़ली-फलावदा मार्ग का शिलान्यास किया। लोनिवि मंत्री ने कहा कि सपा सरकार में गांव वाले मार्ग पर शाम के बाद बहू बेटियां परिवार के साथ भी नहीं जा सकती थी। मगर, भाजपा सरकार में देर रात में भी बेटी स्कूटी से अकेली जा सकती है।
फहीमपुर भट्ठे पर कुंवर ब्रिजेश सिंह ने कहा कि प्रदेश की योगी सरकार में कानून का राज कायम है। पहले सरकार ने प्रदेश के खजानों को कब्रिस्तान की चारदीवारी कराने में लुटाया था। इसलिए गांव विकास से दूर कर दिए गए थे। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की सरकार बनने के बाद गुंडे, माफिया प्रदेश छोड़ने को मजबूर हो गए थे। अब उत्तर प्रदेश में निवेश करने वाले आ रहे है, जिससे बेरोजगारी समाप्त होगी। फलावदा और देवबंद में पहली बार भाजपा के चेयरमैन बने है। सड़क का शिलान्यास किया है और बनने के बाद उद्घाटन किया जाएगा।
कार्यक्रम में सुधीर सैनी, कार्तिक काकरान, गौतम गुर्जर, डॉ पुरूषोत्तम, डॉ मनोज सिवाच, राजीव चौहान, विवेक चौहान, मुकेश चौहान, अशोक सैनी चेयरमैन, अभिषेक गुर्जर, अमित कसाना, अमित जैन, सुधीश पुंडीर, अमित उपाध्याय, बोधराम शर्मा, राजन वालिया, राकेश सैनी, कर्णवीर प्रधान, कुलदीप प्रधान, ओमवीर प्रधान, डॉ ओमपाल, हारून प्रधान, डॉ राजपाल पुंडीर, डॉ विकास पुंडीर शामिल रहे। उधर, खतौली में जानसठ रोड पर डॉ राजपाल पुंडीर के प्रतिष्ठान पर मंत्री कुंवर ब्रिजेश सिंह और मंत्री डॉ संजीव बालियान का स्वागत किया गया।
समाज को जातियों में बांटने वाले देश के दुश्मन : बालियान
केंद्रीय राज्यमंत्री डॉ. संजीव बालियान ने कहा कि यह 13 किलोमीटर लंबी और साढ़े पांच मीटर चौडी सड़क 21 करोड़ रुपये की लागत से बनाई जाएगी। उन्होंने कहा कि हमसे पहले वालों ने भी काम कराया है, लेकिन मोदी और योगी सरकार में काम में तेजी आई है। हम तो दिल्ली और लखनऊ तक बात पहुंचाने माध्यम है। आज जो जातियों में बांटना चाहते है, वे समाज ही नहीं देश के भी दुश्मन है।
मेरठ-मुजफ्फरनगर को जोड़ता है मार्ग
मुजफ्फरनगर। मार्ग जनपद और मेरठ को जोड़ता है। अभी ढाई किलामीटर लंबी सड़क जो मेरठ जनपद में पड़ती है, उसका प्रस्ताव अपनी नहीं हुआ। इसका प्रस्ताव जल्द ही पास कराने का आश्वासन पीडब्लूडी मंत्री ने जनता को दिया है। खतौली-शाहपुर, फहीमपुर खुर्द, चांदसमद, कढली, मौचड़ी होते हुए फलावदा जाता है।
ननिहाल में आकर जताई खुशी
पीडब्लूडी मंत्री कुंवर ब्रिजेश सिंह ने कहा कि यह गांव मेरी ननिहाल है। यहां की एक देवी ने मुझे धरा पर लाने का काम किया। वे बेहद खुश हैं।