छपार (मुजफ्फरनगर)। गांव बसेड़ा में संत रविदास जयंती के उपलक्ष्य में चल रहे चार दिवसीय दंगल का बुधवार को समापन हो गया। दंगल के अंतिम दिन कई रोमांचक मुकाबले देखने को मिले। सबसे बड़ी तीन हजार की इनामी कुश्ती जम्मू-कश्मीर के जावेद गनी ने जीती।
गांव बसेड़ा में चल रहे दंगल के चौथे दिन की कुश्तियों में करीब 50 पहलवानों ने दमखम दिखाए। अंतिम दिन की सबसे बड़ी कुश्ती जम्मू-कश्मीर के पहलवान जावेद गनी और रोहतक के राजबीर के बीच हुई। इसमें जावेद गनी ने राजबीर को कड़े मुकाबले में हराया। वहीं, डेढ़-डेढ़ हजार की पहली कुश्ती में देहरादून के पहलवान अशोक ने सहारनपुर के पहलवान संदीप को हराया। वहीं, दूसरी कुश्ती में देवबंद के पहलवान नदीम ने हरिद्वार के पहलवान मनसब को कड़े मुकाबले में मात दी। इनके अलावा, हरियाणा के जनपद करनाल के गांव मखाला निवासी पहलवान गुग्गा और कैराना के पहलवान वसीम के बीच हुई कुश्ती को निर्धारित समय में बराबरी पर छूटने के बाद अतिरिक्त समय दिया गया, लेकिन अंत तक दोनों पहलवान बराबरी पर ही रहे। वहीं, गांव भैंसरहेड़ी के पहलवान नसीम ने कस्बा नानौता के पहलवान भूरा को मात दी। दंगल आयोजन में संत रविदास मंदिर कमेटी के अध्यक्ष नाहर सिंह के साथ ही महेंद्र सिंह प्रजापति, अफजाल अहमद, धर्मबीर सिंह, तिलकराम और विकास चेयरमैन आदि का सहयोग रहा।