खतौली (मुजफ्फरनगर)। जमुना विहार कॉलोनी में एक साथ दो छात्रों की अर्थियां उठने से परिवार में कोहराम मच गया। दोनों परिवार के सदस्यों पर गम का पहाड़ टूट पड़ा है। परिवार के सदस्यों ने कहा कि मैने क्या गलती की थी कि इस मनहूस देखने को आज विवश होना पड़ा। परिजनों ने गमगीन माहौल में दोनों छात्रों का अंतिम संस्कार किया।
जमुना विहार कॉलोनी निवासी पुनीत (24) पुत्र नरेंद्र और मानवेंद्र (18) पुत्र रविंद्र दोनों आपस में दोस्त थे। पुनीत बीकॉम में का छात्र था। मानवेंद्र इंटरमीडिएट करने के बाद मेरठ में कोचिंग करता था।
सोमवार की रात करीब दस बजे पुनीत और मानवेंद्र अपने तीसरे साथी मेरठ के थाना मवाना के गांव निलोहा निवासी मोहित पुत्र कृपाल सिंह के बाइक से मेरठ से दिल्ली की ओर जा रहे थे।
मेरठ में परतापुर फ्लाईओवर पर रोडवेज बस की चपेट में आने से ये तीनों दोस्त बाइक समेत नीचे गिर गए थे। पुनीत और मानवेंद्र की मौके पर ही मौत हो गई थी, जबकि तीसरा घायल साथी मोहित की अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई थी। दोनों छात्रों की मौत से परिवार में कोहराम मच गया था।
परिवार के लोग रात में ही मेरठ पहुंच गए थे। मंगलवार को पोस्टमार्टम के बाद परिजन तीनों के शवों को अपने साथ लेकर घर पहुंचे। जमुना विहार में परिवार के लोग दोनों छात्रों का शव लेकर पहुंचे। शव के पहुंचते ही कॉलोनी में कोहराम मच गया। कॉलोनी में एक साथ दोनों छात्रों की अर्थी उठने से परिवार में कोहराम मच गया।
मानवेंद्र के शव को लेकर परिवार के लोग अपने पैतृक गांव सलावा में ले गए, जहां गमगीन माहौल में उसका अंतिम संस्कार कर दिया गया। छात्र पुनीत के शव का परिजनों ने गमगीन माहौल में अंतिम संस्कार नगर के श्मशान घाट पर किया। तीसरे साथी मोहित के शव का अंतिम संस्कार निलोहा में किया गया।