नगर के शिव चौक पर खडे वाहन व लगा जाम। संवाद
चरथावल। बिजनौर को जाने वाली पाइप लाइन का कार्य रफ्तार से शुरू हो गया है। मुजफ्फरनगर मार्ग पर दधेडू कलां से सिंगलपुर तक कंपनी द्वारा मिट्टी खोदाई के बाद मिट्टी के ढेर सड़क पर लगाने से जाम की स्थिति रहती है। दोनों तरफ वाहनों की कतार लगने से जाम रहने लगा है। सोमवार को उमस भरी गर्मी में जाम कारण लोगों को मुश्किल झोलकर गंतव्य तक पहुंचना पड़ा।
मुख्य मार्ग की वर्तमान में चौड़ाई सात मीटर है। एक तरफ पाइप लाइन और दूसरी तरफ लोनिवि द्वारा चौड़ीकरण का कार्य शुरू हो गया है। सड़क पर दोनों तरफ गहरे गड्ढों में वाहनों को बचाने में जोखिम उठानी पड़ रही है। एचपीसीएल कंपनी द्वारा थानाभवन क्षेत्र के ख्यावड़ी से बिजनौर तक वाया चरथावल होकर पाइप लाइन बिछाए जा रहे है। 18 इंच मोटाई का पाइप सड़क के किनारे जेसीबी मशीन से खोदाई के बाद दबाया जा रहा है। उसकी मिट्टी सड़क किनारे ढेर लगा दिए है, जिले के मुख्य मार्ग पर वाहनों का लाेड़ अधिक है। दूसरी तरफ लोनिवि के कर्मचारियों द्वारा चौड़ीकरण के लिए सड़क पर रोड़ी के ढेर लगा दिए है। इसी वजह से सड़क संकरी हो गई। मुजफ्फरनगर और थानाभवन की तरफ से आने जाने वाले वाहनों की लंबी कतार कार्यस्थल पर लगी रहती है। रामभूल सिंह पुंडीर, भाकियू नेता विकास शर्मा, लोकेश कुमार, केमिस्ट संदीप कंसल, यमन कुमार एडवोकेट ने जिलाधिकारी से मार्ग के दोनों तरफ चौड़ीकरण एवं पाइप लाइन बिछाने के कार्य को व्यवस्थित तरीके से कराने की मांग की है। कंपनी के लोगों को मौके पर वनवे करके वाहनों की आवाजाही कराने से जाम नहीं लगेगा। लेकिन सड़क पर मिट्टी के बड़े बड़े टिल्ले लगाने के कारण जाम रहता है। संवाद