बुढ़ाना। जल जागरूकता अभियान के लिए लखनऊ से शुरू की गई जलकोष यात्रा बुढ़ाना पहुंच गई। छात्र-छात्राओं और आमजन को पानी बचाने का संकल्प दिलाया गया। जल योद्धा पद्मश्री उमा शंकर पांडेय ने कहा कि जल के बिना जीवन की कल्पना नही की जा सकती। हमें अपनी संतान का जीवन बचाना है, तो जल बचाना होगा।
कस्बे के डीएवी इंटर कॉलेज में अटल भूजल योजना के अंतर्गत कार्यक्रम का आयोजन हुआ। जल कोष यात्रा में जल योद्धा पद्मश्री उमा शंकर पाण्डेय बुढ़ाना पहुंचे। मां सरस्वती के सामने दीप जलाकर कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ। इस मौके पर कार्यक्रम में जल योद्धा पद्मश्री उमा शंकर पाण्डेय ने स्कूल के विद्यार्थियों व अध्यापकों को जल बचाने के संबंध में जानकारी दी। उन्होंने कहा कि अपनी संतान का जीवन बचाना है, जल बचाना होगा। प्राचीन भारतीय संस्कृति में जल को जीवन माना गया है। उन्होंने जल बचाने के घरेलू उपाय की विस्तार से जानकारी दी। रोजाना के घरेलू कार्य में जल की बचत करने के बारे में बताया।
इस मौके पर खंड विकास अधिकारी सतीश कुमार, दिल्ली के डॉ. राहुल पांडेय, आशीष चौधरी, अमित श्रीवास्तव, पृथ्वीराज सिंह, स्कूल के प्रधानाचार्या धर्मवीर सिंह व नरेंद्र मलिक आदि ने भी अपने विचार व्यक्त किए।