सर्विस क्लब के ग्रास कोर्ट पर मंगलवार को खेले गए मैचों में भारत की प्रेरणा भांबरी ने यूएसए की अलेक्जेंड्रा रिले को एकतरफा हरा दिया। बुल्गारिया की इलेक्जेंड्रिना नायडेनोवा को भारत की निधि चिलुमुला ने कड़ी चुनौती दी। डबल्स में हार गई आस्ट्रिया की मैलेनी क्लाफनेर ने सिंगल मुकाबले में जर्मनी की नतालिया सिएडलिस्का पर शानदार जीत हासिल की। मुख्य ड्रा के दूसरे दिन नौ सिंगल मैच खेले गए।
भावना स्वरूप मेमोरियल आईटीएफ टेनिस टूर्नामेंट के दूसरे दिन मौसम के बदलाव ने खिलाड़ियों की राह मुश्किल की। सोमवार की रात हल्की बूंदाबांदी का असर ग्रास कोर्ट पर दिखा। घास की मूल सतह में नमी की वजह से बॉल की स्पीड धीमी हो गई। दिन भर आसमान में बादल छाए रहे। भारत के लिए प्रेरणा भांबरी की जीत खुशी लाई। विश्व में 1030वीं रैंकर प्रेरणा और यूएसए की अलेक्जेंड्रा रिले के बीच पहला मैच खेला गया।
दिल्ली की भांबरी ने सिर्फ 48 मिनट में रिले को एकतरफा मुकाबले में 6-2, 6-0 से हरा दिया। चेन्नई की साई स्मिथा ने भी हमवतन अस्मिथा ईश्वरामूर्ति के खिलाफ अपना मैच 6-2, 6-1 से केवल 58 मिनट में जीत लिया। भारत की रिया भाटिया, महक जैन और जेनिफर लुइखम अपने मैच गंवा बैठी। हालांकि कोर्ट तीन पर भारत की निधि चिलुमुला ने बुल्गारिया की इलेक्जेंड्रिना नायडेनोवा के विरुद्ध मैच में कड़ा संघर्ष किया।
एक घंटा 49 मिनट की अवधि का यह सबसे लंबा मैच रहा। नायडेनोवा की वर्ल्ड रैंकिंग 442 है, जबकि निधि 1222वीं रैंक की खिलाड़ी है। क्वालीफाइंग राउंड से मुख्य ड्रा में आई निधि के विरुद्ध नायडेनोवा ने पहला सेट 6-3 से जीता। दूसरे सेट में निधि ने 4-6 से जीत दर्ज कर वापसी की। तीसरे सेट को नायडेनोवा ने 6-3 से जीतकर मैच अपने नाम कर लिया।
कोर्ट दो पर जापान की कोयका ओकोमोरा ने चीन की दन नी वांग को 6-0, 6-2 से आसानी से हराया। दूसरे सत्र में इसी कोर्ट पर आस्ट्रिया की मैलेनी क्लाफनेर के खेल पर सभी की निगाहें टिकी थीं। डबल्स मुकाबले में हार चुकी क्लाफनेर वर्ष 2013 में यह सिंगल खिताब जीत चुकी हैं। 28 साल की क्लाफनेर ने दमदार सर्विस और रिटर्न के दम पर जर्मनी की नतालिया सिएडलिस्का को दूसरे सेट में टिकने ही नहीं दिया। पहले सेट में नतालिया ने क्लाफनेर को कड़ा जवाब दिया।
मैच टाई ब्रेक तक पहुंच गया। ऐन वक्त पर अनुभवी क्लाफनेर ने मास्टर स्ट्रोक से यह सेट जीता। क्लाफनेर ने 7-6, 6-1 से नतालिया को हराया। कोर्ट तीन पर स्लोवाकिया की टेरेजा मिहालिकोवा ने भारत की जेनिफर लुइखम को 6-3, 6-3 से पराजित किया। विश्व में 1100 रैंक की खिलाड़ी लुइखम ने 397 की रैंकर टेरेजा को मैच में कड़ी टक्कर दी। एक घंटा 33 तक यह मैच खेला गया।
लुइखम हार के बावजूद अपनी खेल क्षमता का ग्रास कोर्ट पर असर छोड़ गई। तीसरे सत्र में भारत की रिया भाटिया स्लोवीनिया की नस्तजा कोलार के विरुद्ध 6-1, 6-3 से मैच गंवा बैठी। 624वी रैंक की रिया से जीत की उम्मीद थी। रूस की अन्ना मखोरकीना और स्विटजरलैंड की कैरिन कैनल के बीच संघर्षपूर्ण मैच हुआ। इसमें कैनल ने 6-4, 6-3 से विजय पाई। कोर्ट तीन पर सर्बिया की नतालिजा कोस्टिक ने भारत की महक जैन को 6-2, 6-4 से पराजित किया। सात विदेशी खिलाड़ियों ने सिंगल्स में अपने मैच जीतकर अगले राउंड में प्रवेश किया। भारत की प्रेरणा भांबरी और साई अस्मिथा ही जीत सकी।
महत्वपूर्ण
बुल्गारिया की नायडेनोवा ने जीता मैच, भारत की निधि ने दिल
आस्ट्रिया की क्लाफनेर ने सिंगल मुकाबले में किया शानदार प्रदर्शन
जील, नतालिया ने डबल्स मुकाबले में जमाया रंग
आईटीएफ महिला टेनिस टूर्नामेंट के दूसरे दिन डबल्स मुकाबलों में भारत की जील देसाई और जर्मनी की नतालिया सिएडलिस्का की जोड़ी ने उम्दा खेल के सहारे जीत हासिल की। बुल्गारिया की नायडेनोवा और जर्मनी की एस. सेकुलिक तथा भारत की निधि चिलुमुला और अस्मिथा ईश्वरामूर्ति ने भी अपने डबल मैचों में विजय पाई। कोर्ट रोड स्थित सर्विस क्लब के ग्रास कोर्ट पर ढाई बजे से डबल्स मैच खेले गए।
भारत की जील देसाई और जर्मनी की नतालिया की जोड़ी ने शानदार प्रदर्शन किया। एक घंटे से ज्यादा वक्त चले मैच में इस जोड़ी ने भारत की दीक्षा मंजू प्रसाद और सोहा सादिक की जोड़ी को 6-4, 6-0 से हरा दिया। जील टूर्नामेंट में भारत की सबसे अच्छी रैंक की खिलाड़ी हैं। सिंगल्स मैच में भी उन्होंने जापान की मिचिका उजेकी को पराजित किया था। दूसरे डबल्स मैच में बुल्गारिया की इलेक्जेंड्रिना और जर्मनी की एस. सेकुलिक ने भारतीय जोड़ी जेनिफर लुइखम और सौम्या विग को मैच में टिकने ही नहीं दिया।
सिर्फ 45 मिनट में विदेशी जोड़ी ने भारतीय खिलाड़ियों को 6-1, 6-1 से हरा दिया। दूसरे दिन का अंतिम मैच साढ़े तीन बजे कोर्ट एक पर खेला गया, जिसमें भारत की निधि चिलुमुला और अस्मिथा ईश्वरामूर्ति ने एकतरफा जीत दर्ज की। हमवतन लीरा राजू और साई देदीप्या की जोड़ी केवल 35 मिनट में ही हार गई। निधि और अस्मिथा ने यह मैच 6-0, 6-1 से जीत लिया।
महत्वपूर्ण
बुल्गारिया की नायडेनोवा एवं जर्मनी की सेकुलिक ने जीता मैच