पालिका चेयरपर्सन की शिकायत पर शुरू हुई जांच
मुजफ्फरनगर। नगर पालिका की दुकानों के प्रीमियम एवं किराया बढ़ोतरी के प्रकरण में चेयरपर्सन की शिकायत पर जांच शुरू हो गई है। पालिका अध्यक्ष ने मंडलायुक्त के द्वारा निरस्त किए प्रस्ताव संख्या 164 को पुनर्जीवित करने की मांग करते हुए शासन से शिकायत की थी। जिला स्तर से इस संबंध में आख्या तलब की गई है।
चेयरपर्सन अंजू अग्रवाल ने 15 नवंबर 2019 को शासन से की गई शिकायत में कहा था कि नगर पालिका के स्वामित्व की दुकानों की 56 वर्षों से प्रीमियम एवं किराये की बढ़ोतरी नहीं हुई। शासन ने नगर निकायों की आय बढ़ाने तथा स्वावलंबी बनाने के निर्देश दिए थे। इस संबंध में नगर पालिका बोर्ड की चार जून 2019 को हुई बैठक में प्रीमियम एवं किराया बढ़ोतरी संबंधी प्रस्ताव संख्या 164 पास किया था। नगर पालिका की करोड़ों रुपये की आय से संबंधित इस प्रस्ताव को मंडलायुक्त ने प्रतिषेधित (निरस्त) कर दिया। चेयरपर्सन ने आरोप लगाया कि स्थानीय राजनीति के चलते इस प्रस्ताव को निरस्त किया गया। उन्होंने प्रस्ताव को निरस्त करने को अविधिक बताते हुए इसे पुनर्जीवित करने की मांग की थी। चेयरपर्सन की इस शिकायत की जांच शुरू हो गई है। मंडलायुक्त सहारनपुर संजय कुमार ने इस संबंध में डीएम को मामले की जांच कर कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।
आज बंद रहेंगी पालिका की दुकानें
मुुजफ्फरनगर। नगर पालिका मार्केट के दुकानदार किराया एवं प्रीमियम बढ़ोतरी के विरोध में शनिवार को दुकानें बंद रख चेयरपर्सन के आवास पर प्रदर्शन करेंगे। नगर पालिका मार्केट एसोसिएशन ने चेयरपर्सन का पुतला जलाने तथा उनके आवास पर प्रदर्शन करने की घोषणा की है। साथ ही एक व्यापारी द्वारा आत्मदाह करने की भी चेतावनी दी गई है। इस संबंध में नगर में एनाउंसमेंट कराकर दुकानदारों से अपनी दुकानें बंद रखने के लिए कहा गया। उधर, उद्योग व्यापार संगठन की बैठक में शनिवार को बाजार बंद को लेकर चर्चा की गई। प्रदेश उपाध्यक्ष कृष्ण गोपाल मित्तल ने बताया कि सुबह 11 बजे धरना-प्रदर्शन के बाद दोपहर एक बजे चेयरपर्सन अंजू अग्रवाल का पुतला जलाया जाएगा। दो बजे उनके आवास पर आत्मदाह किया जाएगा। बैठक में रामप्रकाश साहनी, भानू प्रताप, विरेंद्र अरोरा, महेंद्र नाथ, किशनलाल नारंग, जसप्रीत सिंह, अरविंद बख्शी मौजूद रहे।
चेयरपर्सन ने पुलिस तैनात करने की मांग की
मुुजफ्फरनगर। दुकानदारों की प्रदर्शन, पुतला दहन एवं आत्मदाह की चेतावनी को देखते हुए नगर पालिका अध्यक्ष अंजू अग्रवाल ने एसएसपी को पत्र लिखकर 25 जनवरी को अपने आवास पर पुलिस बल की तैनाती की मांग की है।
एसएसपी को लिखे पत्र में चेयरपर्सन ने कहा है कि पालिका की दुकानों के किराएदारी संबंधी मामले में कुछ व्यक्ति दुकानदारों को उकसाकर आत्मदाह जैसी बेतुकी चेतावनी दिला रहे हैं। शहर में धारा 144 लागू है। ऐसे में बिना प्रशासन की अनुमति के प्रदर्शन की घोषणा असंवैधानिक है। उन्होंने अपने मीका विहार स्थित आवास पर पुलिस बल तैनात करने को कहा है।