शाहपुर। राष्ट्रीय इंटर कॉलेज में अनुशासन के नाम पर छात्रों के बाल काटने को लेकर बखेड़ा हो गया। गुस्साए छात्रों ने कॉलेज प्रबंधन पर बदसलूकी करने व अभिभावकों के प्रति आपत्तिजनक टिप्पणी करने का आरोप लगाते हुए मुजफ्फरनगर-बुढ़ाना मार्ग पर जाम लगा दिया। घंटों हंगामे के बाद पुलिस ने प्रदर्शनकारी छात्रों पर लाठियां फटकारते हुए जाम खुलवाया। पुलिस ने छात्रों के गुस्से को शांत करने के लिए प्रबंध समिति के अध्यक्ष को भी थाने में बैठा लिया।
कस्बे के राष्ट्रीय इंटर कॉलेज में क्षेत्र के सैकड़ों छात्र-छात्राएं पढ़ते हैं। शनिवार दोपहर कॉलेज की छुट्टी होने के बाद छात्र कॉलेज गेट पर पहुंचे और मुजफ्फरनगर-बुढ़ाना मार्ग पर जाम लगा दिया। गुस्साए छात्रों ने कॉलेज प्रबंध समिति के अध्यक्ष राहुल कुटबी और प्रधानाचार्य वीरेंद्र सिंह पर अनुशासन के नाम पर कक्षा-छह से लेकर इंटर तक के कई छात्रों के बाल काटने के साथ ही उनके अभिभावकों के ऊपर भी आपत्तिजनक टिप्पणी करने का आरोप लगाते हुए नारेबाजी शुरू कर दी। वहीं, हंगामे में शामिल कॉलेज की छात्राओं ने भी दोनों पदाधिकारियों पर अमर्यादित भाषा में बात करने के साथ गालीगलौज व बदसलूकी करने का आरोप लगाया।
हंगामे की सूचना पाकर छात्रों के परिजन भी मौके पर जा पहुंचे, जिससे स्थिति ओर भी विकट हो गई। छात्र-छात्राओं ने समिति अध्यक्ष व प्रधानाचार्य को हटाने की मांग की। सूचना पर इंस्पेक्टर केपी सिंह टीम के साथ मौके पर पहुंचे, लेकिन छात्राओं ने मांग पूरी होने तक जाम खोलने से इंकार कर दिया। इसे लेकर उनकी पुलिसकर्मियों से तीखी नोकझोंक भी हुई।
इस पर एसडीएम बुढ़ाना कुमार भूपेंद्र, सीओ फुगाना कालूराम छात्रों के बीच पहुंचे और जाम खोलने के लिए कहा, लेकिन छात्रों ने बिना दोनों पदाधिकारियों को हटाए जाम खोलने से इंकार कर दिया। घंटों के हंगामे के बाद आखिरकार पुलिस ने लाठियां फटकार कर छात्र-छात्राओं को खदेड़ते हुए जाम खुलवा दिया। वहीं, गुस्साए छात्रों की नाराजगी दूर करने के लिए प्रबंध समिति अध्यक्ष राहुल कुटबी को भी हिरासत में ले लिया, जिसे बाद में छोड़ दिया गया। उधर, एसएचओ इंस्पेक्टर केपी सिंह ने कहा कि आरोपों के संबंध में किसी छात्र-छात्रा ने कोई तहरीर नहीं दी है। प्रबंध समिति अध्यक्ष को उन्होंने थाने में भी बैठा लिया था। यदि किसी तरह की तहरीर दी जाती है तो कार्रवाई की जाएगी।
ऐसे शुरू हुआ था विवाद
कॉलेज में समिति अध्यक्ष राहुल कुटबी व प्रधानाचार्य वीरेंद्र सिंह ने तीन दिन पूर्व कक्षा-छह से इंटर तक के कई छात्रों के लंबे बाल कैंची से कटवा दिए। इसके पीछे अनुशासन को बड़ी वजह बताया गया। छात्रों ने इसकी जानकारी अभिभावकों को दी तो शुक्रवार को कॉलेज पहुंचे और बाल काटे जाने का विरोध किया, लेकिन उनकी एक न सुनी गई। कॉलेज में अभिभावकों के आने से गुस्साए दोनों पदाधिकारियों ने शनिवार सुबह कॉलेज में प्रार्थना सभा में अभिभावकों के विरुद्ध अशोभनीय व अमर्यादित टिप्पणी की, जिसके बाद छात्र-छात्राओं ने छुट्टी होने के बाद कॉलेज के बाहर जाम लगा दिया।
शाहपुर। राष्ट्रीय इंटर कॉलेज के बाहर छात्र-छात्राओं द्वारा लगाए गए जाम में दूसरे स्कूलों के छोटे बच्चे भी जाम में फंस गए। करीब दो घंटे तक स्कूली वाहनों में मौजूद छोटे-छोटे बच्चे तेज गर्मी में फंसकर भूख-प्यास से तड़पते रहे, लेकिन कोई इन्हें इससे निजात न दिला सका। दोपहर बाद करीब तीन बजे जाम खुलने के बाद ही ये बच्चे घर जा पाए।
बच्चों का सर्वांगीण विकास चाहते हैं
राष्ट्रीय इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य वीरेंद्र सिंह का कहना है कि छात्रों को अनुशासित करने के लिए उन्हें लंबे बाल काटने के लिए कहा गया था। वे बच्चों को अच्छी शिक्षा देकर उनका सर्वांगीण विकास चाहते हैं, लेकिन कुछ बच्चे इसे विवाद का सबब बना देते हैं। कड़ी मेहनत के बाद कॉलेज का माहौल सुधरा हैं, ऐसे में अभिभावक भी ऐसा कार्य न करें, जिससे कॉलेज का माहौल खराब हो।
शाहपुर के राष्ट्रीय इंटर कॉलेज के छात्रों के बाल काटने के विरोध में छात्रों द्वारा रोड जाम करने की जानकारी सोशल मीडिया से मिली है। हालांकि किसी भी छात्र या अभिभावक ने उन्हें कोई शिकायत नहीं की है, फिर भी मामला गंभीर है। इस संबंध में कॉलेज प्रबंध समिति के अध्यक्ष और प्रधानाचार्य से आख्या मांगी गई है।
- प्रवीण कुमार मिश्र
डीआईओएस मुजफ्फरनगर