स्कूल के बाबू ने कर दिया था अपमानित
पिता ने किसी तरह समझाकर वापस बुलाया
सीएम, कमिश्नर, डीएम से की शिकायत
संवाद न्यूज एजेंसी
खतौली (मुजफ्फरनगर)। फीस जमा न होने पर स्कूल के बाबू ने कक्षा 11 के छात्र को अपमानित कर दिया। इससे क्षुब्ध छात्र गंगनहर पर आत्महत्या के इरादे से पहुंच गया। पिता ने किसी तरह उसे समझाकर वापस बुलाया। मामले की शिकायत मुख्यमंत्री से की गई है।
मिट्ठू लाल निवासी महिला ने सीएम, कमिश्नर, डीएम और शिक्षा अधिकारी को शिकायती पत्र भेजकर बताया कि उसका बेटा कस्बे के एक स्कूल में कक्षा 11वीं का छात्र है। उसके बेटे की फीस जमा न होने के कारण स्कूल में तैनात बाबू ने उसे अपमानित किया। खुद को अपमानित महसूस कर उनका बेटा आत्महत्या के इरादे से गंगनहर पर पहुंच गया। इसी दौरान उसके पिता ने मोबाइल पर उससे बात की। पिता ने बेटे को बमुश्किल समझाया, जिससे बाद वह सकुशल घर लौट आया। बच्चे के पिता ने बाबू से भी बात की। आरोप है कि बाबू ने फिर से अभद्रता की। पीड़ित ने उच्चाधिकारियों से आरोपी बाबू के खिलाफ सख्त कार्रवाई किए जाने की मांग की है।