शहीद भगत सिंह इंटर कॉलेज बुढ़ीना कलां में औचक निरीक्षण के दौरान सीसीटीवी कैमरों को चेक करते एडी
- एडीआईओएस और परीक्षा प्रभारी ने देहात क्षेत्र के केंद्रों में देखी व्यवस्थाएं
- सचल दल के प्रभारियों ने शहरी क्षेत्रों के पांच केंद्रों का किया निरीक्षण
फोटो समाचार
संवाद न्यूज एजेंसी
मुजफ्फरनगर। सहायक जिला विद्यालय निरीक्षक और परीक्षा प्रभारी ने देहात क्षेत्र के पांच परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया। इसके अलावा शहरी क्षेत्र के केंद्रों पर सचल दल के दो प्रभारियों ने पहुंचकर व्यवस्थाओं को परखा। पुलिस सुरक्षा सहित अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
एडीआईओएस शैलेंद्र त्यागी ने बताया कि सोमवार देर रात में दो टीम अलग-अलग जगहों पर औचक निरीक्षण के लिए पहुंची। उन्होंने बताया कि वह परीक्षा प्रभारी भारत शर्मा के साथ किसान मजदूर इंटर कॉलेज जसोई, शहीद भगत सिंह इंटर कॉलेज बुढ़ीना कलां, राजकीय बालिका इंटर कॉलेज सिसौली, डीएवी इंटर कॉलेज आलमपुर सिसौली और किसान इंटर कॉलेज अलीपुर खेड़ी में निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने सीसीटीवी कैमरें, स्ट्रांग रूम का लॉक और पुलिस सुरक्षा के साथ अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
इसके अलावा रात में ही सचल दल के प्रभारी व प्रधानाचार्य ललित मोहन गुप्ता और रणवीर सिंह ने भी शहरी क्षेत्र के वैदिक पुत्री इंटर कॉलेज, ग्रेन चैंबर इंटर कॉलेज, डीएवी इंटर कॉलेज, इस्लामिया इंटर कॉलेज और नवाब अजमत अली खां इंटर कॉलेज में औचक निरीक्षण किया। सभी दस केंद्रों पर पुलिस सुरक्षा सही पाई गई। इसी के साथ स्ट्रांग रूम और उनकी निगरानी के लिए लगाए गए सीसीटीवी कैमरों को भी देखा गया। नाइट विजन कैमरों की पिक्चर क्वालिटी को भी चेक किया गया। पुलिस कर्मियों और विद्यालय के चपरासी को सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए।