पुरकाजी। दिल्ली-दून हाईवे पर खड़े 12 से अधिक वाहनों की बैटरी चोरी कर ली गई। कस्बे के कई लोग अपनी बस, ट्रक और ई-रिक्शा पुराने हाईवे के निकट मोहल्ला उत्तरी चमारान के पास खड़ी कर देते हैं। मंगलवार की रात चोरों ने इन वाहनों की बैटरी चोरी कर ली। बुधवार दिन निकलने पर मामले की जानकारी मिली। वाहन मालिक राजेश शर्मा, तौसिफ फारूकी, साजिद कुरैशी मौके पर पहुंचे और पुलिस को जानकारी दी। पुलिस ने नगर पंचायत कार्यालय में लगे सीसीटीवी कैमरे चेक किए। कैमरे में वारदात और एक स्कॉर्पियो गाड़ी कैद हुई है, लेकिन अभी तक चोरों की शिनाख्त नहीं हुई। प्रभारी निरीक्षक ज्ञानेश्वर बौद्ध का कहना है कि जल्द ही चोरों को गिरफ्तार कर घटना का खुलासा कर दिया जाएगा।