छात्राओं को दी रोजगारपरक विषय की जानकारी
मुजफ्फरनगर। जैन कन्या पाठशाला स्नातकोत्तर महाविद्यालय में सोमवार को अतिथि व्याख्यान का आयोजन किया गया। इसमें छात्राओं को एस्ट्रोलॉजी में कॅरियर विषय पर जानकारी प्रदान की गई।
कॉलेज प्राचार्या डॉ. सीमा जैन की अध्यक्षता में आयोजित व्याख्यान को संबोधित करते हुए मुख्य वक्ता डॉ. अनीता सिंह ने कहा कि वे ज्योतिष और वास्तुशास्त्र का अध्ययन कर इसे अपना कॅरियर बना सकतीं हैं। केवल भारत में ही नहीं, विदेशों में भी वास्तु और ज्योतिष में रोजगार के पर्याप्त अवसर हैं, क्योंकि वर्तमान में हर व्यक्ति अपने भविष्य के बारे में जानना चाहता है। देश में लोकप्रिय ज्योतिष और वास्तु का अमेरिका के साथ ही ब्रिटेन, कनाडा और यूरोप में भी तेजी से महत्व बढ़ रहा है। डॉ. सीमा जैन ने कहा कि वर्तमान परिप्रेक्ष्य में छात्राओं को कला-कौशल और आत्मनिर्भर करने के उद्देश्य से इस तरह के रोजगारपरक व्याख्यान और कार्यशालाएं समय-समय पर कराई जाती हैं, ताकि छात्राएं आत्मनिर्भर हो सकें। डॉ. सविता वशिष्ठ, डॉ. निशा गुप्ता, डॉ. आभा सैनी, डॉ. वंदना वर्मा, नीता भटनागर, डा.ॅ संतोष कुमारी, डॉ. गीता शर्मा, डॉ. मनीषा अग्रवाल, डॉ. रेशू चौहान और डॉ पूनम शर्मा आदि मौजूद रहीं।