मुजफ्फरनगर। भारतीय कबड्डी टीम ने मेजबान ईरान को हराकर जूनियर कबड्डी विश्वकप जीत लिया है। टीम इंडिया के कोच मुंडभर गांव के संजीव बालियान बनाए गए थे, जबकि शामली के मखमूलपुर गांव के अभिजीत मलिक बतौर खिलाड़ी टीम में शामिल रहे।
अर्जुन अवार्डी भारतीय कबड्डी टीम के पूर्व कप्तान संजीव बालियान को जूनियर विश्वकप के लिए भारतीय टीम का प्रशिक्षक बनाया गया था। ईरान में विश्वकप का यह दूसरा संस्करण था और भारतीय टीम पहली बार भाग ले रही थी। शनिवार को खेले गए फाइनल में टीम इंडिया ने मेजबान ईरान को 41-33 के अंतर से पराजित किया। मखमूलपुर गांव के अभिजीत मलिक ने बतौर खिलाड़ी भाग लिया और शानदार खेल का प्रदर्शन किया। मुंडभर और मखमूलपुर गांव में खुशी का माहौल है। बालियान ने इससे पहले प्रो कबड्डी लीग में जयपुर की टीम को विजेता बनाया था। संवाद