खतौली गांव भैसी के जंगल में बिजली का टावर लगाने का मशीन पर चढकर विरोध करते हुए किसान।
बिना मुआवजा दिए कार्य शुरू करने का लगाया गया आरोप
किसान ने मिक्सिंग मशीन पर चढ़कर किया हंगामा
उप महाप्रबंधक ने मुआवजा दिलाने का आश्वासन दिया
संवाद न्यूज एजेंसी
खतौली (मुजफ्फरनगर)। गांव भैसी के जंगल में किसान के खेत में टावर लगाने पहुंचे विद्युत निगम के कर्मचारियों और मजदूरों को किसान परिवार ने भगा दिया। मिक्सिंग मशीन पर चढ़कर हंगामा भी किया। पुलिस ने समझा बुझाकर मामला शांत किया। उप महाप्रबंधक ने मुआवजा दिलाने का आश्वासन दिया।
जनपद मेरठ के मटौर बिजलीघर से जड़ौदा बिजलीघर तक 132 केवी की लाइन खींचने का कार्य किया जा रहा है। भैसी के जंगल में विद्युत निगम की ओर से पांच टावर लगाए जाने है। शनिवार को पावर ग्रिड के उप महाप्रबंधक अनिल बंसल, अवर अभियंता अजीत सिंह अपनी टीम के साथ मजदूरों को लेकर गांव भैसी के जंगल में पहुंचे। टीम ने महिला किसान राजेश देवी के खेत में टावर के लिए नींव बनाने का काम शुरू कर दिया।
इसकी जानकारी मिलते ही राजेश देवी अपनी पुत्रवधु संगीता आदि को लेकर खेत पर पहुंची और विरोध शुरू कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों महिलाओं को समझा बुझाकर शांत किया। इस दौरान कार्य चलता रहा। कुछ देर बाद महिला का पुत्र अक्षय अहलावत खेत पर पहुंचा और कार्य बंद करने को लेकर मिक्सिंग मशीन पर चढ़ गया। हंगामा बढ़ता देख कार्य कर रहे मजदूर भाग खड़े हुए।
पुलिस ने बमुश्किल अक्षय अहलावत को समझा बुझाकर शांत करते हुए मिक्सिंग मशीन से नीचे उतारा। किसान का आरोप था कि उसको मुआवजा दिए बिना नींव का काम शुरू कर दिया हैं। उसके खेत में खड़ी गन्ने की फसल भी खराब हो गई। इस पर उप महाप्रबंधक अनिल बंसल ने कहा कि जमीन और खराब हुई फसल का उन्हें मुआवजा दिलाया जाएगा। फिलहाल किसान ने काम बंद करा दिया।