देवबंद में यूपी उर्दू अकादमी के चेयरमैन चौधरी कैफुल वरा का स्वागत करते फाउंडेशन पदाधिकारी
- फोटो : DEVBAND
डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम फाउंडेशन में विभिन्न विभागों का उद्घाटन
देवबंद (सहारनपुर)। उत्तर प्रदेश उर्दू अकादमी के चेयरमैन हाजी चौधरी कैफुल वरा ने डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम फाउंडेशन में विभिन्न विभागों का उद्घाटन किया। इस दौरान उन्होंने उर्दू के प्रचार-प्रसार को लेकर योगी सरकार द्वारा किए जा रहे कार्यों का बखान किया।
बुधवार रात मोहल्ला शाहरमजुद्दीन में आयोजित कार्यक्रम में हाजी चौधरी कैफुल वरा ने कहा कि योगी सरकार उर्दू भाषा के प्रचार प्रसार के लिए भरपूर प्रयास कर रही है और हमारा भी एकमात्र उद्देश्य उर्दू की हिफाजत करना है। उन्होंने कहा कि अकादमी के तत्वावधान में संचालित आईएस स्टडी सेंटर में इस वर्ष आईएएस की नि:शुल्क तैयारी पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। प्रदेश के शायरों, लेखकों, बीमार और दिव्यांग साहित्यकारों के लिए विशेष योजनाएं चलाई गई हैं। जिनका लाभ सीधे अकादमी से संपर्क कर लिया जा सकता है। अध्यक्षता मौलाना अब्दुल लतीफ व संचालन सैयद वजाहत शाह ने किया। इससे पूर्व चौधरी कैफुल वरा ने फाउंडेशन के दो नए विभाग तंजील-उल-कुरआन और डॉक्टर अब्दुल कलाम स्किल डेवलपमेंट इंस्टीट्यूट का उद्घाटन किया। इसमें मदरसा जामिया इमाम मोहम्मद अनवर शाह के उस्ताद मौलाना फुजैल नासरी, फाउंडेशन अध्यक्ष मौलाना अब्दुल्ला इब्ने कमर, चांद देवबंदी, तनवीर अजमल, कारी आमिर उस्मानी, सैयद मो. नजम, डॉ. अब्दुल अजीज, शाह फैसल, खुर्शीद, अहमद सिद्दीकी, नजम उस्मानी, उस्मान रमजी, नबील मसूदी और मो. शारिक, मोईन सिद्दीकी आदि मौजूद रहे।