कोरोना से बेपरवाह होकर शहर में उमड़ रही भीड़
मुजफ्फरनगर। जिले में कोरोना के आए दिन नए मामले सामने आ रहे हैं, लेकिन फिर भी लोग बेपरवाह बने हुए हैं। बाजार में उमड़ने वाली भीड़ न तो सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करते नजर आती है और न ही कोरोना से बचाव के लिए अन्य सावधानियां बरती जा रही हैं।
लॉकडाउन में ढील मिली तो बाजार खुलने लगे, लेकिन लोग कोरोना के खतरे से बेपरवाह से हो गए। भगत सिंह रोड, दाल मंडी, रुड़की रोड, जिला परिषद मार्केट, सदर बाजार एवं कोर्ट रोड पर बाजारों में सोशल डिस्टेंसिंग का पालन होता नजर नहीं आ रहा। इन स्थानों पर दिन भर जाम जैसे हालात रहते हैं। मालवीय चौक, बालाजी चौक, नावल्टी चौक, अहिल्या बाई चौक पर जाम लगा रहता है। रविवार को संपूर्ण लॉकडाउन के बाद सोमवार को भी बाजार में जबर्दस्त भीड़ थी। मंगलवार को बाजार दोपहर एक बजे तक खुला लेकिन बुधवार को लोग फिर से बाजार में उमड़ पड़े।
छोटे बच्चों को भी बाजार लेकर आ रहे लोग
कोरोना वायरस के चलते वृद्धों, गर्भवती महिलाओं एवं बच्चों को घर से बेहद जरूरी होने पर ही बाहर निकलने की सलाह दी गई, लेकिन लोग मान नहीं रहे हैं। बच्चों को भी बाजार में लेकर आ रहे हैं। बच्चे भीड़ में परिजनों के साथ घूमने के साथ ही ठेलों पर चाट-पकौड़ी, आइसक्रीम आदि खाते नजर आ रहे हैं।
स्वयं के साथ दूसरों का भी बचाव करें
मुजफ्फरनगर। कोरोना वायरस के मामले लगातार सामने आ रहे हैं। जिला अस्पताल में चिकित्सक डा. वीके जौहरी बताते हैं कि बचाव के लिए जो जरूरी निर्देश हैं, उनका पालन करें। सोशल डिस्टेंसिंग बेहद जरूरी है। भीड़भाड़ वाले स्थान से घर लौटने के बाद परिजनों से न मिलें। कपड़ों को उतारकर सर्फ के पानी में भिगोकर रख दें। नहाने के बाद ही घर के भीतर प्रवेश करें। घर से बाहर मास्क अथवा कपड़े से नाक और मुंह को अच्छी तरह ढकें। इम्यूनिटी बढ़ाने खानपान को बेहतर करें। मौसमी फसलों के साथ जूस, आयुर्वेदिक काढ़ा आदि लेते रहें।