बुढ़ाना में घर में जुमे की नमाज पढते रोजेदार।
- फोटो : MUZAFFARNAGAR
मुजफ्फरनगर। कोरोना संक्रमण के साये में शुरू हुए मुकद्दस रमजान माह के पहले जुमे की नमाज रोजेदारों ने घरों में ही अदा की।
रमजान माह के पहले जुमे पर सामूहिक नमाज पर पाबंदी के चलते मुस्लिम बाहुल्य क्षेत्रों में पुलिस फोर्स मौजूद रही। दोपहर एक बजे से ही एसपी सिटी सतपाल आंतिल और सिटी मजिस्ट्रेट अतुल कुुमार शहर में भ्रमण पर निकल गए। मुस्लिम मोहल्लों खालापार, लद्दावाला, फक्करशाह चौक और मल्हूपुरा के साथ ही शहर से सटे मुस्लिम आबादी वाले गांवों में पुलिस फोर्स लगातार गश्त पर रही। जनपद के सभी कस्बों और देहात में भी रोजेदारों ने घरों में ही जुमे की नमाज अदा की। उधर, जानसठ में रोजेदारों ने घरों में रहकर ही इबादत करते हुए की नमाज अदा की। रोजेदारों ने देशवासियों को कोरोना महामारी से बचाने की दुआ पढ़ी। सीओ शकील अहमद व इंस्पेक्टर योगेश कुमार शर्मा ने पुलिस बल के साथ कस्बे सहित देहात क्षेत्रों में गश्त की। उधर, पुरकाजी में लॉक डाउन के चलते रमजान के पहले जुमे की नमाज घरों पर ही अदा की गई। उधर, बुढ़ाना के कस्बा व देहात क्षेत्र में रमजान महीने के पहले जुमे की नमाज घरों में पड़ी गई। कोरोना महामारी की गंभीरता को समझते हुए नमाज के दौरान सोशल डिस्टेंस का ध्यान रखा गया। उधर, शाहपुर में रमजान के पहले जुमे की नमाज कस्बे व देहात क्षेत्र में रोजेदारों ने अपने घरों में ही अदा की। पहले जुमे की पूर्व संध्या पर ही एसओ धर्मेंद्र सिंह ने लोगों से घरों में ही रहकर जुमे की नमाज अदा करने के लिए एनाउंसमेंट कराने के साथ ही धर्मगुरूओं से इस बाबत अपील भी कराई थी।