दिनदहाड़े बहनों से मोबाइल व पर्स लूटा
पुरकाजी। साप्ताहिक पैंठ से सामान खरीदकर घर लौट रहीं दो बहनों से बाइक सवार दो युवक मोबाइल व पर्स लूट ले गए। पीड़ित युवती ने तहरीर देकर कार्रवाई की गुहार लगाई है।
कस्बा निवासी सगी बहनें आयशा व आफिया बृहस्पतिवार शाम करीब पांच बजे कस्बे के बाहरी छोर पर लगने वाली साप्ताहिक पैंठ में सामान खरीदने आईं थीं। खरीदारी के बाद दोनों बहनें सामान लेकर घर लौट रहीं थीं। जैसे ही वे हाईवे स्थित खादर तिराहे पर पहुंची, स्कूटर पर आए दो युवक उनका मोबाइल फोन व पर्स छीनकर फरार हो गए। पीड़ित बहनों ने बताया कि पर्स में करीब डेढ़ हजार की नगदी थी। मामले की तहरीर दी गई है। पुलिस ने नगर पंचायत कार्यालय पहुंचकर सीसीटीवी कैमरे खंगाले, लेकिन आरोपी चिह्नित नहीं किए जा सके।
दो दिन पूर्व भी स्कूटर सवार दो युवक एक महिला से मोबाइल फोन लूट ले गए थे। घटना की तहरीर देने के बावजूद अब तक आरोपी गिरफ्तार नहीं किए जा सके हैं। अब लगातार दूसरी घटना से कस्बे के लोगों में आक्रोश व्याप्त है।