- साइबर ठगाें ने फोटो एडिट कर वायरल करने की धमकी देकर किया ब्लैमेल
संवाद न्यूज एजेंसी
मुजफ्फरनगर। बीकाॅम फाइनल ईयर की छात्रा को मेल पर लिंक भेजकर साइबर ठगों ने फंसा लिया। उसके फोटो एडिट कर वायरल करने की धमकी देकर ब्लैकमेल करते हुए 1.31 लाख रुपये ठग लिए। एसएसपी के आदेश पर शहर कोतवाली पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
कृष्णापुरी निवासी बीकाॅम फाइनल की छात्रा ने एसएसपी से शिकायत कर कहा था कि उनकी मेल पर तीन माह पहले एक लिंक आया, जिसे उसने खोला तो उनके मोबाइल में एक एप डाउनलोड हो गया था। वेरिफिकेशन करने पर उनके खाते में 2,277 रुपये आए। एप के माध्यम से कुछ लोगों से संपर्क हुआ तो उन्होंने ब्लैकमेल करते हुए उससे पैसे की मांग की। आरोपियों ने उसका मोबाइल हैक कर काॅल लिस्ट, कांटेक्ट नंबर व फोटो काॅपी कर लिए। उनके फोटो एडिट कर अश्लील बनाकर उसके मोबाइल पर भेजे।
आरोपियों द्वारा फोटो वायरल करने की धमकी देने पर वह डर गई और अपने परिजनों को बिना बताए आरोपियों के खाते में कई बार में एक लाख 15 हजार 878 रुपये ट्रांसफर कर दिए। उसे पैसा भेजने के बाद फोटो डिलिट करने को कहा गया था। उसने अपने भाई के दोस्त को यह बताया तो उससे भी आरोपियों ने 16 हजार खाते में ट्रांसफर करा लिए। इसके बाद पैसा न देने पर आरोपियों ने पीड़िता के परिजनों को फोन कर पैसे की मांग की। एसएसपी के आदेश पर शहर कोतवाली पुलिस ने अज्ञात साइबर ठगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की है। कार्यवाहक सीओ सिटी विनय गौतम ने कहा कि छात्रा द्वारा दिए गए मोबाइल नंबरों की जांच व कार्रवाई शुरू कर दी है।