पंचायत चुनाव को लेकर दिए जरूरी दिशा-निर्देश
भोपा। ग्राम पंचायत चुनाव के मद्देनजर बृहस्पतिवार को अफसरों ने अतिसंवेदनशील गांव सीकरी में बैठक कर ग्रामीणों को जरूरी दिशा-निर्देश दिए।
बृहस्पतिवार को गांव सीकरी पहुंचे एसपी देहात नेपाल सिंह, सीओ सोमेंद्र सिंह नेगी और एसओ सूबे सिंह ने ग्रामीणों से वार्ता करते हुए कहा कि ग्राम पंचायत चुनाव की रंजिश के चलते गांव में वर्ष 2016 में ग्रामीण की हत्या हो चुकी है। ऐसे में सभी ग्रामीणों को ग्राम पंचायत चुनाव के मद्देनजर अपनी जिम्मेदारी समझते हुए समझदारी से काम लेना होगा। आगामी चुनाव के दौरान ग्रामीण किसी भी प्रत्याशी के प्रलोभन में न आएं और ऐसा कोई कार्य न करें, जिससे गांव की शांति व्यवस्था बिगड़े। अफसरों ने कहा कि बेवजह किसी को परेशान करने वाले असामाजिक तत्वों को बख्शा नहीं जाएगा। अफसरों ने संभावित प्रत्याशियों से भी चुनाव प्रक्रिया के दौरान ग्रामीणों को लालच न देने और किसी भी तरह से माहौल बिगाड़ने वाला कृत्य न करने की चेतावनी दी।
कब्रिस्तान में रास्ते के विवाद का किया निपटारा
भोपा। गांव सीकरी में शांति समिति की बैठक के दौरान ही अफसरों ने काफी समय से विवाद की वजह बने कब्रिस्तान में रास्ते के विवाद का भी निपटारा किया। एसओ सूबे सिंह ने मौके का निरीक्षण कर ग्रामीणों को कब्रिस्तान के बीच से किसी भी प्रकार के वाहनों को न निकालने के निर्देश देते हुए ऐसा करने वाले व्यक्ति के खिलाफ कार्रवाई की चेतावनी दी।