संवाद न्यूज एजेंसी
मुजफ्फरनगर।
दीपावली पर्व पर अवैध रूप से भंडारण कर रखे पटाखों को बरामद करने के लिए जिला स्तर पर अभियान शुरू किया गया है। जिसके तहत थाना सिविल लाइन ने साढ़े 23 किलो व मीरापुर ने साढ़े 95 किलो पटाखे घर व दुकान में अवैध रूप से भंडारण कर रखे थे। जिन्हें बरामद कर लिया गया। मुकदमे दर्ज कर लिए है। सिविल लाइन पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार किया है।
थाना सिविल लाइन पुलिस ने एक सूचना पर मल्हुपुरा में अजय पाल की दुकान पर छापेमारी की। वहां से अवैध रूप से रखे गए पटाखे बरामद कर दुकान संचालक को गिरफ्तार कर लिया गया। इसके अलावा मीरापुर में एसडीएम जानसठ सुबोध कुमार सिंह व सीओ जानसठ यतेन्द्र नागर के नेतृत्व में इंस्पेक्टर मीरापुर बबलू वर्मा ने अवैध पटाखे बनाने व भंडारण की सूचना पर कार्रवाई की। मोहल्ला तीरगर के कई मकानों में छापेमारी कर तलाशी ली। पुलिस को राजा के घर से तीन बोरों में रखे लगभग साढ़े 95 किलोग्राम बुलेट बम, सुतली बम, बारूद, अनार व अनार बम तथा पटाखें बनाने के उपकरण बरामद हुए। पुलिस ने गृह स्वामी राजा के विरुद्ध बीएनएस व विस्फोटक अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया है। एसएसपी अभिषेक सिंह ने बताया कि पूरे जिले में यह कार्रवाई चल रही है। अवैध भंडारण करने पर आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।