सहारनपुर। आरपीएफ की टीम ने बेहट थाना क्षेत्र के गांव बाबेल बुजुर्ग में छापा मारकर ई-टिकटों की बिक्री का भंडाफोड़ किया है। आरोपी निजी यूजर आईडी से ई-टिकट बना रहा था। इसके पास से 44 हजार रुपये कीमत के 13 ई-टिकट बरामद हुए, जो छत्तीसगढ़ में रायपुर के थे। अब आरपीएफ आरोपी के बैंक खाते की जांच में जुट गई है।
अंबाला मंडल कार्यालय से सूचना के आधार पर आरपीएफ उप निरीक्षक दीपक प्रताप शर्मा ने टीम के साथ बेहट के गांव बाबेल बुजुर्ग में छापा मारा। टीम ने मौके पर जांच की। इस दौरान सामने आया कि आरोपी अपनी निजी यूजर आईडी का उपयोग कर रेलवे के आरक्षित ई-टिकट बना रहा था। इसके पास से 12 पास्ट जर्नी ई-टिकट और एक लाइव ई-टिकट बरामद किया। सभी टिकटों के साथ ही टिकट बनाने के लिए इस्तेमाल किए गए मोबाइल फोन को भी आरपीएफ ने कब्जे में लिया है।
जांच में यह भी सामने आया कि सभी टिकट छत्तीसगढ़ में रायपुर के हैं। आरपीएफ अब इन टिकटों के यात्रियों से बयान दर्ज करेगी। इसके साथ ही आरोपी का बैंक खाता भी चेक किया जाएगा। पता लगाया जाएगा कि अवैध ई-टिकट की बिक्री से कितने धनराशि प्राप्त की है। जांच अधिकारी आरपीएफ उप निरीक्षक दीपक प्रताप शर्मा ने बताया कि मामले की छानबीन चल रही है। आरोपी के बैंक खातों की भी जांच की जा रही।