संवाद न्यूज एजेंसी
मुजफ्फरनगर। डीएवी इंटर कॉलेज में प्रधानाचार्य संगोष्ठी का आयोजन हुआ। डीआईओएस डॉ. धर्मेंद्र शर्मा ने प्रधानाचार्यों को विद्यालय में स्वच्छता पखवाड़ा मनाने, शैक्षणिक पंचांग का अनुपालन करने और प्रत्येक शिक्षक अनिवार्य रूप से शिक्षण डायरी के अनुसार शिक्षण कार्य करने के निर्देश दिए।
जिला विद्यालय निरीक्षक ने कहा कि सभी प्रधानाचार्य शिक्षण डायरी का नियमित रूप में अवलोकन करने, समय-समय पर विद्यालय कार्य योजना व विद्यालय प्रगति के संबंध में शिक्षकों व कर्मचारियों से बैठक कर चर्चा करें। बच्चों को विशेष रूप से भाषा एवं सरल गणित सिखाएं, उनको सृजनशील बनाएं। उन्होंने कहा कि प्रत्येक विद्यालय किसी एक शिक्षक को तकनीक में अधिक जानकारी प्राप्त करने के लिए विद्यालय का नोडल नामित करें और स्वयं ही विद्यालय का नोडल का कार्य करें।
सह जिला विद्यालय निरीक्षक शैलेंद्र त्यागी ने शैक्षिक पंचांग व टर्म टेस्ट की बिन्दुवार समीक्षा करते हुए कहा कि सभी प्रधानाचार्य प्रत्येक दिन कम से कम दो पीरियड शिक्षण कार्य अवश्य करें। सनातन धर्म इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य डॉ. विकास कुमार ने पहचान, वीरगाथा, विध्यांजली, पंख पोर्टल आदि की विस्तृत जानकारी दी। जैन कन्या इंटर कॉलेज की प्रधानाचार्या कंचन प्रभा शुक्ला ने जिले में आयोजित होने वाले स्काउट व गाइड कार्यक्रमों पर चर्चा की।
इस मौके पर डीएवी इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य सुनील शर्मा, सोहनपाल, विजय कुमार शर्मा, विनय कुमार यादव, कविता गुप्ता, प्रमोद कुमार, गया प्रसाद प्रजापति, सुधीर त्यागी, डॉ. राजेश कुमारी, कुसुमलता, नरेश कुमार मौजूद रहे।