फुगाना के लोई गांव में प्रभात फेरी में भाग लेते उमाशंकर पाण्डैय व अन्य।
ग्रामीणों को पौधा लगाने और जल बचाने के लिए किया प्रेरित
संवाद न्यूज एजेंसी
बुढ़ाना। जल योद्धा एवं पद्मश्री से सम्मानित उमाशंकर पाण्डेय ने कहा कि जल ही जीवन है। जल बचाओगे तो आने वाली पीढ़ी का जीवन बचाओगे। उन्होंने गांव वालों को अपने घर और खेत में खाली पड़े स्थान में पौधा लगाने के लिए भी प्रेरित किया।
गांव लोई में अटल भू-जल योजना के प्रचार प्रसार के लिए अटल जल शक्ति यात्रा का आयोजन किया गया। पाण्डेय ने स्कूल के विद्यार्थियों, सरकारी कर्मचारी, अधिकारियों और ग्रामीणों के साथ गांव में प्रभात फेरी में भाग लिया। जल ही जीवन के नारे गूंजते रहे। प्रभात फेरी के बाद पौधरोपण कार्यक्रम का आयोजन हुआ। जल योद्धा उमाशंकर पाण्डेय ने लोई गांव के प्राथमिक विद्यालय, आईटीआई परिसर तथा गांव के तालाब के किनारे पौधरोपण किया।
इसके बाद आईटीआई के मीटिंग हॉल में गोष्ठी का आयोजन हुआ। उन्होंने कहा कि जीवन बचाने के लिए हमें जल बचाना होगा। हम जल नही बचा पाएं तो भावी पीढ़ी को नही बचा पाएंगे। इस मौके पर खंड विकास अधिकारी सतीश कुमार, भू-गर्भ जल योजना के पृथ्वी सिंह, ग्राम प्रधान यूनुस, जब्बार, वहीद, अबु बकर, आईटीआई के प्रधानाचार्य अंकित संगल, प्रधानाध्यापक संजीव कुमार व अशोक कुमार, नीरज मलिक व नीतू मौजूद रहीं।