किसान दिवस की बैठक में समस्या रखते किसान।
- फोटो : MUZAFFARNAGAR
मुजफ्फरनगर। किसान दिवस में विभिन्न किसान संगठनों के प्रतिनिधियों ने किसानों की समस्या उठाई। अधिकारियों से कहा कि अगर गन्ने का बकाया भुगतान नहीं किया जा रहा है तो विद्युत निगम की टीम छापे क्यों मार रही है। सीढ़ी लगाकर कर्मचारी घर में घुस जाते हैं।
बुधवार को जिला पंचायत सभागार में मुख्य विकास अधिकारी संदीप भागिया की अध्यक्षता में किसान दिवस का आयोजन किया गया। किसानों ने भैसाना और मोरना चीनी मिल पर चले आ रहे बकाया भुगतान का मुद्दा उठाया। जिले में मानक के अनुरूप सड़कों का निर्माण, माइनर में पानी नहीं आने, बिजली की समस्या, जर्जर तार बदलवाने, जमीन की पैमाईश, आवारा पशुओं का मुद्दा उठाया। मुख्य विकास अधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि किसानों की समस्याओं का शीघ्र निस्तारण कराया जाए। किसानों का हित सर्वोपरि है, किसानों को किसी भी प्रकार की कोई समस्या नहीं होनी चाहिए। जिला कृषि अधिकारी जसवीर सिंह तेवतिया, एआर कोऑपरेटिव, जिला गन्ना अधिकारी डॉ. आरडी द्विवेदी, भाकियू जिलाध्यक्ष योगेश शर्मा समेत अन्य मौजूद रहे।
देरी से सूचना पर कम रही किसानों की उपस्थिति
किसान दिवस की जानकारी किसानों को मंगलवार देर रात दी गई। किसानों की उपस्थिति कम रही। किसानों ने कहा कि समय पर जानकारी दी जानी चाहिए और अधिक से अधिक किसानों को किसान दिवस में बुलाकर समस्या सुनी जानी चाहिए।