हाशिमपुरा गांव में सड़क के बीच टूटकर गिरे एचटी लाइन की तारों को हटाते पुलिसकर्मी
- फोटो : DEVBAND
देवबंद (सहारनपुर)। कांवड़ यात्रा के दौरान नगर में रविवार की रात्रि बड़ा हादसा होने से बच गया। कांवड़ मार्ग पर पड़ने वाले हाशिमपुरा गांव में डाक कांवड़ वाहन की टक्कर से एचटी लाइन का पोल उखड़ गया। जिसके चलते लाइन के तार सड़क के बीच गिर गए। गनीमत रही कि कोई इसकी चपेट में नहीं आया। सूचना मिलने पर आनन फानन में लाइन को बंद कराया गया। इसके चलते काफी देर तक आवागमन बाधित रहा।
रविवार की देर रात्रि करीब 12:30 बजे डाक कांवड़ के एक वाहन ने देवबंद-मंगलौर मार्ग पर पड़ने वाले हाशिमपुरा गांव में सड़क किनारे लगे हाईटेंशन लाइन के खंभे में टक्कर मार दी। जिसमें पोल उखाड़ गया और तार टूटकर जमीन के बीच गिर पड़े। जिस समय हादसा हुआ उस समय लाइन चालू थी। गनीमत रही कोई उसकी चपेट में नहीं आया। वरना बड़ा हादसा हो सकता था। सूचना मिलने पर अधिकारियों में हड़कंप मच गया। आनन-फानन में पुलिस मौके पर पहुंची और विद्युत निगम के अधिकारियों को फोन कर पोल गिरने की जानकारी देते हुए लाइन को बंद कराया गया। लाइन टूटने के कारण दोनों ओर कांवड़ियों और डाक कांवड़ वाहनों की भीड़ लग गई। पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से लाइन को डंडों आदि से जमीन से ऊपर उठाया और कांवड़ियों का आवागमन चालू कराया। बाद में निगम कर्मचारी मौके पर पहुंचे और उखड़े खंभे को दोबारा लगाते हुए आपूर्ति को सुचारु किया।