होम डिलीवरी: 43 लोगों के खिलाफ दस मुकदमे दर्ज
मुजफ्फरनगर। वैश्विक महामारी कोरोना के संक्रमण को रोकने के लिए लागू किए गए लॉकडाउन का उल्लंघन करने के मामले में पुलिस-प्रशासन ने चेकिंग अभियान चलाते हुए बेवजह घर से निकलने वाले लोगों के खिलाफ कार्रवाई की। एसएसपी अभिषेक यादव ने बताया कि रविवार को चेकिंग अभियान के दौरान 80 लोगों के खिलाफ 18 मुकदमे दर्ज किए गए हैं। इनमें से 43 लोगों को होम डिलीवरी अभियान के दौरान चिह्नित कर दस मुकदमे दर्ज किए गए हैं। इन सभी लोगों के खिलाफ होम डिलीवरी अभियान के तहत एफआईआर दर्ज कर उसकी कॉपी उनके घरों पर चस्पा कर दिया गया है। वहीं, वाहन चेकिंग अभियान में 414 वाहनों का चालान किया गया है, जिनसे 80,500 रुपये का शमन शुल्क वसूल किया गया है। इसके साथ ही 11 वाहनों को सीज भी कर दिया गया है।