शहर में शुक्रवार देर रात हिट एंड रन केस में नशे में धुत युवक ने तेज रफ्तार से कार दौड़ाते हुए भोपा फ्लाईओवर पर साइकिल सवार के साथ ही पटेलनगर में बाइक सवार दंपति और उनकी मासूम बेटी को भी टक्कर मारकर घायल कर दिया। एक अन्य युवक को भी कार ने चपेट में ले लिया। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेते हुए कार को भी जब्त कर लिया। दिनभर कार सवार को छुड़ाने के लिए समझौते के प्रयास चलते रहे। हालांकि शाम को महिला द्वारा आरोपी के खिलाफ एफआईआर दर्ज करा दी गई है।
शहर के भोपा फ्लाईओवर पर शुक्रवार देर रात शहर से नई मंडी की तरफ जाती तेज रफ्तार कार ने साइकिल सवार को टक्कर मार दी। साइकिल को टक्कर मारने के बाद चालक ने कार को तेजी से नई मंडी की तरफ दौड़ा दिया और गऊशाला रोड होते हुए पटेलनगर जा पहुंचा। वहां बेकाबू कार ने बाइक सवार दंपति को जबरदस्त टक्कर मार दी, जिसमें इंदिरा कॉलोनी निवासी दंपति मनीष, उसकी पत्नी नीरा व मासूम बेटी घायल हो गए। दंपति के बाद कार ने एक पैदल युवक को भी चपेट में लेकर घायल कर दिया।
उधर, भोपा पुल पर हुए हादसे के बाद नई मंडी पुलिस ने कार का पीछा करते हुए उसे पटेलनगर में घेराबंदी करते हुए कब्जे में ले लिया। पुलिस के मुताबिक आरोपी कार चालक सिद्धांत शराब के नशे में था, जिसे हिरासत में ले लिया गया। इसके बाद सभी घायलों को मालवीय चौक स्थित नर्सिंग होम में भर्ती कराया गया है, जहां दंपति व उसकी बेटी की हालत गंभीर बनी हुई है। उधर, हादसे का आरोपी कार सवार सिद्धांत शहर के एक रसूखदार का परिचित बताया गया, जिसे छुड़वाने के लिए रात से ही थाने में लोगों का तांता लगना शुरू हो गया।
शनिवार को भी आरोपी कार सवार को छुड़वाने के लिए दिनभर भाजपा व हिंदूवादी नेताओं का थाने में जमावड़ा लगा रहा, जिसमें घायल दंपति का पूरा उपचार कराने का आश्वासन कार चालक के परिजनों ने दिया। हालांकि शाम समझौता नहीं होने पर घायल नीरा देवी ने आरोपी कार चालक सिद्धांत के खिलाफ तहरीर दे दी, जिस पर एफआईआर दर्ज कर ली गई है। एसएसआई मदनसिंह बिष्ट ने बताया कि घायल महिला की तहरीर पर आरोपी कार चालक के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली गई है।
हाईवे पर हादसे में बाइक सवार गंभीर घायल
मुजफ्फरनगर। नई मंडी कोतवाली क्षेत्र में हाइवे पर भोपा बाईपास के निकट शनिवार देर शाम तेज रफ्तार कार ने बाइक सवार युवक को जबरदस्त टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार छपार निवासी कादिर गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे सूचना पर पहुंची पुलिस ने जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां से उसे गंभीर हालत में मेरठ के लिए रैफर कर दिया गया है। पुलिस ने आरोपी कार चालक को हिरासत में ले लिया है।
पांच साल पहले हिट एंड रन ने ली थी पांच की जान
मुजफ्फरनगर। शहर के जानसठ फ्लाईओवर पर करीब पांच साल पूर्व भी हुए हिट एंड रन केस ने पांच लोगों की जान ले ली थी। दरअसल, उस समय देर रात मीनाक्षी चौक से नो-एंट्री के बावजूद शहर में दाखिल हुए एक ट्रक चालक ने महावीर चौक पहुंचने के बाद ट्रक से कंट्रोल खो दिया। इससे बेकाबू हुए ट्रक ने जानसठ रोड पुल पर एक के बाद एक राहगीरों को टक्कर मारते व कुचलते हुए पांच लोगों को मौत की नींद सुला दिया था, जबकि कई अन्य घायल हुए थे। इनमें से दो लोगों की मौत तो पुल के ऊपर से नीचे गिरने से हुई थी। उस समय अपनी तरह के पहले हादसे ने लोगों को हिलाकर रख दिया था।