एसपी ट्रेफिक कार्यालय पर प्रदर्शन करते हिन्दू क्राति दल के कार्यकर्ता। स्रोत- क्राति दल
- कार्यकर्ताओं ने हेलमेट पर चालान न काटे जाने की मांग की
संवाद न्यूज एजेंसी
मुजफ्फरनगर। नगर में प्रत्येक चौराहों पर लगने वाले जाम तथा चौराहों पर वाहनों के चालान के नाम पर अवैध वसूली का विरोध जताते हुए हिंदू क्रांति दल के कार्यकर्ताओं ने एसपी यातायात कार्यालय पर धरना-प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने हेलमेट पर चालान न काटे जाने की मांग करते हुए एसपी यातायात को ज्ञापन सौंपा।
प्रदेश अध्यक्ष बाबूराम पाल सिंह व जिला अध्यक्ष लोकेश सैनी के नेतृत्व में दर्जनों कार्यकर्ता दोपहर में एसपी यातायात के कार्यालय पर पहुंचे और धरना पर बैठ गए। कहा कि नगर के चौराहों पर जाम लगा रहता है और यातायात पुलिसकर्मी चालान के नाम पर अवैध वसूली में लगे रहते हैं। इस पैसे की बंदरबांट की जाती है। डग्गामार वाहनों के खड़े रहने के कारण गाजावाली के नाला रुड़की रोड पर जाम की स्थिति बनी रहती है। स्थानीय लोगों को आने-जाने में परेशानी होती है। डग्गामार वाहनों से भी अवैध वसूली की जाती है।
पुलिस चेकिंग में हेलमेट पर चालान काटती है। ऐसा न किया जाए, क्योंकि यह शहर छोटा है और लोगों का बाजार आना जाना लगा रहता हैं। इसलिए हेलमेट पर चालान किया जाना गलत है। एसपी यातायात को ज्ञापन सौंपा गया। कार्यकर्ताओं को एसपी यातायात ने अधिकारियों से वार्ता कर कार्रवाई कराने का आश्वासन दिया। इस दौरान मोहित कुमार, संजय गर्ग, मनीष गर्ग, गौतम कुमार, प्रदीप कोरी, रविंद्र सैनी, सौरभ राय, गोपी वर्मा, मोनू चौधरी, गौरव धीमान आदि मौजूद रहे।