हाईस्कूल, इंटर की केबल नेटवर्क पर क्लासेज शुरू
मुजफ्फरनगर। लॉकडाउन के चलते जनपद में लोकल केबल टीवी नेटवर्क पर हाईस्कूल व इंटरमीडिएट की कक्षाओं के लिए ऑनलाइन क्लासेज का प्रसारण शुरू हुआ है।
डीआईओएस गजेंद्र कुमार ने बताया कि जिले में 20 अप्रैल से ऑनलाइन क्लासेज से शिक्षण कार्य चल रहा है। अब शहर और आसपास के कस्बों में लोकल केबल टीवी नेटवर्क पर भी हाईस्कूल भौतिक विज्ञान की ऑनलाइन क्लास शुरू हो गई है। क्लास एसडी इंटर कॉलेज मीरापुर के प्रधानाचार्य डॉ विकास कुमार द्वारा ली गई। लाइव क्लासेज का प्रसारण सायंकाल 4 से 6 बजे तक डीडीसी नेटवर्क, नेट विजन, अभी तक इंडिया, त्यागी केबल नेटवर्क बुढ़ाना आदि पर किया जा रहा है। क्लासेज का पुन: प्रसारण सुबह 9 बजे से 11 बजे तक भी किया जा रहा है। बुधवार को गणित व सामाजिक विज्ञान, बृहस्पतिवार को भौतिक विज्ञान व हिंदी , शुक्रवार को रसायन विज्ञान व हिंदी, शनिवार को बायोलॉजी व गणित तथा रविवार को सामाजिक विज्ञान व बायोलॉजी विषयों का प्रसारण होगा। इंटरमीडिएट के छात्र-छात्राओं के लिए सोमवार को हिंदी व भौतिक विज्ञान, मंगलवार को अंग्रेजी व रसायन विज्ञान , बुधवार को इतिहास व गणित, बृहस्पतिवार को भूगोल व बायोलॉजी , शुक्रवार को अर्थशास्त्र व मनोविज्ञान , शनिवार को नागरिक शास्त्र व कामर्स तथा रविवार को बही खाता व समाज शास्त्र का ऑनलाइन शिक्षण होगा। डीआईओएस ने बताया कि सभी विषयों के प्रशिक्षित अध्यापकों व प्रधानाचार्यों को मिलाकर पैनल तैयार किए गए हैं, जिनसे बनी हुई वीडियो आदि को संग्रहित कर जिले में ई-लाइब्रेरी बनाई जा रही है।